कैमोर में ‘नो एंट्री’ का समय बदला: विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए पुलिस सख्त
कैमोर। स्कूलों के समय में बदलाव को देखते हुए कैमोर पुलिस ने यातायात व्यवस्था में महत्वपूर्ण संशोधन किया है। थाना प्रभारी आशीष शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि 1 अप्रैल से ‘नो एंट्री’ का समय परिवर्तित कर दिया गया है, ताकि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
नए आदेश के अनुसार, अब सुबह 7:00 बजे से 9:00 बजे तक एवं दोपहर 11:00 बजे से 2:00 बजे तक भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा। यह निर्णय विशेष रूप से स्कूल खुलने और छुट्टी के समय होने वाली भीड़ और दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए लिया गया है।
थाना प्रभारी ने सभी ट्रांसपोर्टर, एवरेस्ट यार्ड, एसीसी यार्ड और पाठक पार्किंग यार्ड के संचालकों को निर्देशित किया है कि वे नए समय का कड़ाई से पालन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि यह कदम विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उठाया गया है और इसमें सभी नागरिकों का सहयोग अपेक्षित है।
