नारी शक्ति वंदन अधिनियम से बढ़ेगी महिलाओं की भागीदारी – सांसद हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना हमारी प्राथमिकता – सांसद

अंबेडकर जयंती पर ग्राम पंचायत पडरा में अंत्योदय शिविर का आयोजन स्वरोजगार व जनकल्याणकारी योजनाओं से सशक्त हुए हितग्राही बाबा साहब के सपनों को साकार करने का संकल्प – सांसद

(सीधी) भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर ग्राम पंचायत पडरा में “संकल्प से समाधान” अभियान अंतर्गत अंत्योदय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत बड़ी संख्या में हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। साथ ही स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को निःशुल्क जांच एवं उपचार की सुविधा भी प्रदान की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रयाग लाल दिनकर, कलेक्टर विकास मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने एक ऐसे भारत की कल्पना की थी, जहां हर व्यक्ति को समान अवसर, सम्मान और अधिकार प्राप्त हों। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार अंत्योदय के मूल मंत्र पर कार्य करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य कर रही है। उन्होंने नागरिकों से बाबा साहब के विचारों—शिक्षा, संगठन और संघर्ष—को आत्मसात करने का आह्वान किया और कहा कि यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

सांसद ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि यह अधिनियम महिलाओं को राजनीतिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि इस कानून के माध्यम से महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में अधिक भागीदारी सुनिश्चित होगी, जिससे समाज में संतुलित और समावेशी विकास को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी क्षमता का परिचय दे रही हैं, और यह अधिनियम उन्हें और अधिक अवसर प्रदान करेगा। सांसद ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा जनप्रतिनिधियों के नाम लिखे गए पत्र का वाचन करते हुए महिला सशक्तिकरण के महत्व को रेखांकित किया तथा समाज में महिलाओं के सम्मान और भागीदारी को बढ़ाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर सांसद ने उपस्थित जनों को जनगणना कार्य में सहयोग करने की शपथ भी दिलाई और कहा कि सटीक जनगणना से ही योजनाओं का सही क्रियान्वयन संभव हो पाता है।

जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिक्षा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने बाबा साहब के विचारों को आत्मसात कर समाज में समानता स्थापित करने की अपील की।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रयाग लाल दिनकर ने कहा कि स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व लोकतंत्र की आधारशिला हैं। उन्होंने विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं की जानकारी देते हुए न्याय तक सभी की सहज पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया तथा नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प दिलाया।

कलेक्टर विकास मिश्रा ने कहा कि समानता का अधिकार हमारे संविधान का मूल है और अनुच्छेद 21 प्रत्येक व्यक्ति को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि यदि समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ नहीं पहुंच रहा है, तो हमें और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने सभी विभागों को टीम भावना से कार्य करते हुए 14 अप्रैल से 25 सितंबर तक जिले के विकास को गति देने का आह्वान किया। इसी अवसर पर सीधी जिले के थीम सॉन्ग का लोकार्पण भी किया गया।

डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी सीएमओ प्रिया पाठक ने “चिरैया अभियान” की विस्तृत जानकारी दी, वहीं समाजसेवी देव कुमार सिंह चौहान ने बाबा साहब के विचारों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में विद्यालयीन छात्र-छात्राओं एवं दिव्यांग बच्चों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की प्रदर्शनी लगाई गई, जिससे ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी प्राप्त हुई।

शिविर में जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र की मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना अंतर्गत विभिन्न हितग्राहियों को स्वरोजगार हेतु ऋण वितरित किए गए। इसके साथ ही म.प्र. डे-राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्व सहायता समूहों एवं व्यक्तिगत हितग्राहियों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। जनजातीय कार्य विभाग की संत रविदास स्वरोजगार योजना के अंतर्गत भी पात्र हितग्राहियों को ऋण उपलब्ध कराया गया।

इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना एवं लाड़ली लक्ष्मी योजना के हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। शिविर में जाति प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड, अनुग्रह सहायता राशि, मृदा हेल्थ कार्ड, लर्निंग लाइसेंस, कर्मकार पंजीयन, खसरा-खतौनी की प्रतियां, साइकिल वितरण एवं विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र भी वितरित किए गए।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य पूजा सिंह कुशराम, प्रदीप शुक्ला, केडी साकेत, पार्षद पूनम सोनी, शुभादेवी कोल, नरेंद्र त्रिपाठी, डॉ देवेंद्र त्रिपाठी सहित जनप्रतिनिधिगण, संबंधित विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें