डॉ. भीमराव अम्बेडकर जी की 135वीं जयंती पर मैहर में कार्यक्रम का आयोजन
(मैहर) भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर जी की 135वीं जयंती के अवसर पर मंगलवार को एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय मैहर स्थित माँ शारदा ऑडिटोरियम में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ शारदा देवी एवं डॉ. अम्बेडकर जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम में विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल, कलेक्टर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी, अपर कलेक्टर संजना जैन एवं एसडीएम मैहर श्रीमती दिव्या पटेल सहित अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। इस अवसर पर विधायक मैहर श्रीकांत चतुर्वेदी ने डॉ. भीमराव अम्बेडकर जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके जीवन संघर्ष, सामाजिक न्याय के प्रति उनकी प्रतिबद्धता तथा भारतीय संविधान के निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को स्मरण किया। जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल ने कहा कि डॉ. अम्बेडकर के विचार आज भी समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अवसर, शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक करते हैं तथा उनके आदर्शों का अनुसरण कर एक समतामूलक समाज की स्थापना की जा सकती है। कलेक्टर मैहर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी ने कहा कि डॉ. भीमराव अम्बेडकर के जीवन का संघर्ष और उनके कार्य वर्तमान तथा भावी पीढी के लिए जीवन आदर्शो की शिक्षा देते है। कार्यक्रम के दौरान एकलव्य विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियाँ दी गईं। इस मौके पर धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान अंतर्गत विभिन्न योजनाओं के लाभांवित हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किये गये।
