पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय टीकमगढ़ में हर्षाेल्लास के साथ विद्या प्रवेश कार्यक्रम संपन्न
(टीकमगढ़) पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय टीकमगढ़ में नई शिक्षा नीति 2020 के परिपालन में कक्षा बालवाटिका 3 एवं प्रथम सत्र 2026-27 में नए प्रवेशित विद्यार्थियों के लिए विद्या प्रवेश कार्यक्रम बड़े ही उत्साह एवं उल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर नवप्रवेशित विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों सहित विद्यालय परिवार द्वारा स्नेहपूर्ण एवं गरिमामय स्वागत किया गया, जिससे वातावरण आनंदमय हो उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह का हृदय जीत लिया और कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री संतोष सोनी ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि प्रत्येक बालक में अपार एवं समान प्रतिभा निहित होती है, आवश्यकता केवल उसे सही दिशा एवं सकारात्मक वातावरण प्रदान करने की होती है। उन्होंने आश्वस्त किया कि विद्यालय विद्यार्थियों के लिए सर्वांगीण विकास हेतु उत्तम एवं प्रेरक माहौल उपलब्ध कराएगा। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती अभिलाषा उमाहिया पीजीटी (अंग्रेजी )द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के अंत में प्रभारी प्रधानाध्यापक ए. के. श्रीवास्तव ने सभी अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार प्रकट करते हुए नव शैक्षणिक सत्र के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। समापन के अवसर पर नवप्रवेशित विद्यार्थियों को शैक्षिक किट एवं स्वल्पाहार वितरित किया गया, जिससे उनके चेहरे खिल उठे।
