कलेक्टर श्री तिवारी ने कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में सुनीं 88 आवेदकों की समस्याएं अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
(कटनी) कलेक्ट्रेट में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने 88 आवेदकों की समस्यायें सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को इन शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।इस दौरान अपर कलेक्टर श्री नीलांबर मिश्रा, सहायक कलेक्टर श्री श्लोक वाइकर, संयुक्त कलेक्टर श्री जितेन्द्र पटेल, जिला प्रबंधक लोकसेवा दिनेश विश्वकर्मा सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी मौजूद रहें।जनसुनवाई के दौरान कटनी निवासी आदर्श पाण्डेय ने कलेक्टर श्री तिवारी को बताया कि ग्राम पंचायत मड़ई अंतर्गत ग्राम पोंडी की शासकीय चरनोई की भूमि में किड्स केयर के संचालक डॉ. डी के खरे एवं ममता खरे ने अवैध बाउंड्रीवाल बनाकर कब्जा कर लिया है। जिसकी कार्यवाही स्वरूप तहसीलदार कटनी नगर के द्वारा संचालक पर 2 हजार रूपये का अर्थदंड लगाकर अवैध अतिक्रमण को एक सप्ताह में हटाने का आदेश दिया था। परंतु, स्कूल संचालक द्वारा अभी तक अतिक्रमण नहीं हटाया गया है।
जिस पर कलेक्टर श्री तिवारी ने तहसीलदार को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।इसी प्रकार ग्राम बम्हनगवां निवासी राजाराम पटेल ने कलेक्टर से कृषि उपज पंजीयन में अपना नया मोबाइल नंबर दर्ज कराने का आग्रह करते हुये कहा कि पूर्व में दर्ज नंबर की जगह नया मोबाइल नंबर दर्ज हो जाने से मुझे स्लॉट बुकिंग करने और कृषि उपज का विक्रय करने में आसानी होगी।
इस पर कलेक्टर श्री तिवारी ने जिला आपूर्ति अधिकारी को शिकायत का निराकरण करने के निर्देश दिए।जनसुनवाई में माधवनगर निवासी कमल कुमार छतवानी ने दिव्यांगता प्रमाणपत्र बनवाने का आग्रह करते हुये कहा कि मेरी आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर है। मेरे घर का खर्च नहीं चल पा रहा है। मेरा दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनवा दीजिये ताकि मुझे शासकीय योजनाओं का लाभ मिल सके। इस पर कलेक्टर श्री तिवारी ने सामाजिक न्याय विभाग को पात्रतानुसार सर्टिफिकेट बनवाने के निर्देश दिए।
वहीं जनपद पंचायत रीठी के ग्राम बरजी की बुजुर्ग महिला प्यारी बाई चौधरी ने कलेक्टर श्री तिवारी को बताया कि मुझे नियमित रूप से वृद्धावस्था पेंशन मिल रही थी। पेंशन जारी रखने के लिए समग्र आईडी का आधार से ई-केवाईसी कराना अनिवार्य था। जब मैंने अपनी समग्र आईडी का केवाईसी कराने का प्रयास किया, तो पता चला कि मेरा आधार नंबर पहले से ही किसी अन्य अज्ञात समग्र आईडी में दर्ज है। आधार कार्ड दूसरी आईडी में लिंक होने के कारण मेरा ई-केवाईसी सफल नहीं हो पा रहा है। जिससे मेरी पेंशन रूक गई है। इस पर कलेक्टर श्री तिवारी ने जनपद पंचायत रीठी के सीईओ को शिकायत का निराकरण करने के निर्देश दिए।
