कलेक्टर श्री सिंह ने जांची गेहूं खरीदी की व्यवस्थाएं

Advertisement

उपार्जन केंद्रों पर किसानों को न हो कोई असुविधा-कलेक्‍टर श्री सिंह

(जबलपुर) जिले में गेहूं उपार्जन की प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी बनाए रखने के लिए कलेक्टर श्री राघवेन्द्र सिंह आज एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने कृषि उपज मंडी स्थित उपार्जन केंद्र और करौंदा बाईपास स्थित वेयरहाउस खरीदी केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने न केवल व्यवस्थाओं का जायजा लिया, बल्कि मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों की सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। बैनर-पोस्टर के जरिए मिलेगी जानकारी निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि शासन द्वारा किसानों के हित में जारी किए गए दिशा-निर्देशों, समर्थन मूल्य और बोनस संबंधी जानकारियों के बैनर व पोस्टर खरीदी केंद्रों के मुख्य द्वार पर अनिवार्य रूप से लगाए जाएं।

उन्होंने कहा कि सूचनाओं का स्पष्ट प्रदर्शन होने से किसानों में जागरूकता बढ़ेगी और उन्हें किसी भी प्रकार की भ्रम की स्थिति नहीं रहेगी। मंडी की बोली व्यवस्था का भी लिया जायजा उपार्जन केंद्रों के साथ-साथ कलेक्टर ने कृषि उपज मंडी में चल रही सामान्य खरीदी और नीलामी प्रक्रिया का भी सूक्ष्मता से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से चर्चा कर उपज की आवक और तौल की स्थिति की जानकारी ली। कलेक्टर ने जोर देकर कहा कि शासन द्वारा निर्धारित सभी मापदंडों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए ताकि किसी भी किसान को अपनी उपज बेचने के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े। निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री अभिषेक सिंह ठाकुर सहित अन्‍य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर श्री सिंह ने स्पष्ट किया है कि प्रशासन उपार्जन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें