कलेक्टर की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न
दुर्घटनाएं कम करने पर जोर
(जबलपुर) कलेक्टर श्री राघवेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में आज जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री संपत उपाध्याय, स्मार्ट सिटी सीईओ, एडीशनल एसपी ट्राफिक, सीईओ जेडीए, परिवहन, नगर निगम तथा लोक निर्माण विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में विगत महीनों में हुई सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा की गई और उनके प्रमुख कारणों जैसे तेज गति, नशे में वाहन चलाना, हेलमेट व सीट बेल्ट का उपयोग न करना तथा सड़क संकेतों की अनदेखी को चिन्हित किया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर वहां आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र पूर्ण किए जाएं। यातायात पुलिस को विशेष अभियान चलाकर हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग को अनिवार्य कराने, ओवरलोडिंग एवं नशे में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्कूली बच्चों एवं आम नागरिकों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। लोक निर्माण विभाग को सड़क संकेतक, स्पीड ब्रेकर, स्ट्रीट लाइट एवं रोड मार्किंग को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को दुर्घटना के मामलों में त्वरित उपचार सुनिश्चित करने हेतु ट्रॉमा सेंटर की व्यवस्था सुदृढ़ करने को कहा गया। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सड़क सुरक्षा के नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई की जाएगी तथा समय-समय पर समीक्षा बैठक आयोजित कर प्रगति का मूल्यांकन किया जाएगा। इसके अलावा कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि दीनदयाल चौराहा के आस-पास यातायात व्यवस्था को सुनिश्चित करें तथा 15 वर्ष से अधिक के पुराने वाहनों को जब्त कर आवश्यक कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि चालान व वसूली की प्रभावी कार्यवाही हो। यातायात सुरक्षा के लिए जगह-जगह रिफ्लेक्टर लगायें। जिले में चिन्हित ब्लैक स्पॉटों को दूर करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना पर चर्चा भी की गई।
