दुबे कॉलोनी मोड़ में 3 मई को होगा राहगीरी डे का आयोजन, स्वच्छ एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया जाएगा संदेश

Advertisement

निगम प्रशासन ने नागरिकों से सहभागिता कर स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने की अपील की

(कटनी) स्वच्छ सर्वेक्षण के अंतर्गत नगर पालिक निगम कटनी द्वारा शहर में स्वच्छता एवं स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने हेतु निरंतर जन जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में रविवार 3 मई 2026 को प्रातः 7:00 बजे से 8:30 बजे तक पंडित दीनदयाल उपाध्याय वार्ड अंतर्गत बरही रोड स्थित दुबे कॉलोनी मोड़ से दुर्गा चौक तक “राहगीरी डे” का आयोजन किया जाएगा।

नगर निगम प्रशासन द्वारा आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली को अपनाने के लिए प्रेरित करना है। निगम प्रशासन का मानना है कि स्वच्छ वातावरण और नियमित शारीरिक गतिविधियां स्वस्थ समाज की आधारशिला हैं। इसी सोच के साथ “राहगीरी डे” को स्वच्छता, फिटनेस एवं सामाजिक सहभागिता के साझा मंच के रूप में विकसित किया जा रहा है।

स्वच्छता संदेश के साथ होंगी विविध मनोरंजक एवं स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियां

कार्यक्रम के दौरान योग, जुंबा, म्यूजिकल चेयर, गिटार एवं संगीत कार्यक्रम, ड्राइंग-पेंटिंग प्रतियोगिता, रस्साकशी, चम्मच-नींबू दौड़, लंगड़ी, शतरंज, कैरम, सांप-सीढ़ी, स्केटिंग एवं साइकिल रेस जैसी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त नुक्कड़ नाटक, रंगोली, संगीत एवं नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जनजागरूकता का संदेश प्रसारित किया जाएगा। हॉर्स राइडिंग जैसी आकर्षक गतिविधियां भी आयोजन का विशेष केंद्र रहेंगी।

कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न जागरूकता स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनके माध्यम से नागरिकों को स्वच्छ आदतें अपनाने, प्लास्टिक उपयोग में कमी लाने तथा दैनिक जीवन में फिटनेस एवं अनुशासित दिनचर्या को शामिल करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

जनभागीदारी से ही बनेगा स्वच्छ और स्वस्थ शहर

नगर निगम प्रशासन का उद्देश्य केवल मनोरंजन उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि नागरिकों को यह संदेश देना है कि नियमित व्यायाम, स्वच्छ परिवेश एवं सक्रिय जीवनशैली जैसी छोटी-छोटी सकारात्मक आदतें बेहतर स्वास्थ्य और रोग मुक्त जीवन की कुंजी हैं। “राहगीरी डे” के माध्यम से इन्हीं आदतों को सामूहिक रूप से अपनाने की प्रेरणा दी जाएगी। निगम प्रशासन का मानना है कि जब नागरिक स्वयं स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदारी निभाते हैं, तभी शहर वास्तव में स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनता है। यह आयोजन आने वाले समय में जन सहभागिता आधारित व्यापक जन आंदोलन का रूप ले सकता है।

आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश

निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार द्वारा कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्था समयपूर्व सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, पार्षदों, छात्र-छात्राओं, सामाजिक संगठनों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस आयोजन में सक्रिय सहभागिता निभाकर स्वच्छ एवं स्वस्थ कटनी के निर्माण में अपना योगदान दें।

नगर निगम कटनी की यह पहल न केवल स्वच्छता अभियान को नई गति प्रदान करेगी, बल्कि शहर में स्वास्थ्य, जागरूकता एवं सामाजिक सहभागिता की सकारात्मक संस्कृति विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें