मध्य प्रदेश में शासन व्यवस्था पूरी तरह विफल, केंद्र सरकार करे हस्तक्षेप : जीतू पटवारी

Advertisement

(भोपाल) मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश में लगातार हो रहे बड़े हादसों, सामूहिक मौतों, किसानों की बदहाली, बढ़ते अपराध, भ्रष्टाचार तथा प्रशासनिक अव्यवस्था को लेकर भारतीय जनता पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में शासन व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और अब केंद्र सरकार को तत्काल हस्तक्षेप करना चाहिए।

श्री पटवारी ने कहा कि प्रदेश में लगातार ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जिनमें सामूहिक रूप से लोगों की जान जा रही है। यह केवल हादसे नहीं, बल्कि सरकार की लापरवाही से हो रही मौतें हैं। राजनीतिक जिम्मेदारी पूरी तरह शून्य हो चुकी है। उन्होंने कहा कि वे इस गंभीर स्थिति को लेकर महामहिम राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री को पत्र लिख रहे हैं, ताकि मध्य प्रदेश की विफल शासन व्यवस्था पर केंद्र सरकार संज्ञान ले।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में पानी तक सुरक्षित नहीं है, जहरीले पानी से लोगों की जान जा रही है। दवाइयों की लापरवाही से 26 बच्चों की मौत होना अत्यंत दुखद और शर्मनाक है। एनजीटी की आपत्तियों के बावजूद क्रूज संचालन किया गया, जिसकी लापरवाही से 9 लोगों की जान गई। बरगी डैम से जब शव निकाले जा रहे थे, उस समय मुख्यमंत्री राजभवन में लोक नृत्य देखने में व्यस्त थे। यह संवेदनहीनता की पराकाष्ठा है।

श्री पटवारी ने कहा कि आदिवासी अंचलों में परिवहन व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क हादसों में लगातार आदिवासी भाइयों-बहनों की जान जा रही है। प्रदेश में अपराध, भ्रष्टाचार और अत्याचार चरम पर है। अगर आज मध्य प्रदेश में सर्वे करा लिया जाए, तो 10% लोग भाजपा को चुनेंगे और 90% लोग कांग्रेस को।
अब भाजपा सरकार की प्रदेश से उलटी गिनती शुरू हो चुकी है।

किसानों के मुद्दे पर श्री पटवारी ने कहा कि बारिश, ओलावृष्टि और पानी भराव से किसानों का अनाज खराब हो गया। प्रदेश में 245 लाख मीट्रिक टन गेहूं उत्पादन हुआ, लेकिन किसानों को मजबूरी में कम दामों पर गेहूं बेचना पड़ा। सरकार किसानों के साथ धोखा कर रही है। उन्होंने मांग की कि गेहूं और धान की भावांतर राशि किसानों को तत्काल दी जाए।

उन्होंने घोषणा की कि किसानों के हित में 7 तारीख को बड़वानी से मुरैना तक नेशनल हाईवे जाम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अन्नदाता के पास पैसा होगा तभी देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।

भोपाल में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पर श्री पटवारी ने कहा कि यह भाजपा का षड्यंत्र है। एक संस्था का परिसर बढ़ाने के लिए 70 वर्षों से बसे गरीब परिवारों को हटाया जा रहा है। न्यायालय भी ऐसे मामलों में गरीबों के दर्द को समझे। गरीब परिवारों की बद्दुआ भाजपा सरकार को लगेगी।

निगम-मंडलों में नियुक्तियों पर उन्होंने कहा कि सरकार केवल बंदरबांट कर रही है। कर्ज लेकर सरकार चलाई जा रही है और भाजपा नेताओं को उपकृत किया जा रहा है। मध्य प्रदेश में शासन पूरी तरह फेल हो चुका है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें