कलेक्टर श्री सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय लघु उद्योग संवर्धन बोर्ड की बैठक संपन्न
(जबलपुर) कलेक्टर श्री राघवेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में आज संपन्न हुई जिला स्तरीय लघु उद्योग संवर्धन बोर्ड, जिला स्तरीय समन्वय समिति एवं निर्यात प्रोत्साहन समिति की बैठक में औद्योगिक विकास से जुड़े मुद्दों पर उद्योग संघों के प्रतिनिधियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित की गई इस बैठक में नवीन औद्योगिक क्लस्टर की स्थापना, नवीन औद्योगिक क्षेत्र के लिए भूमि आबंटन, विभिन्न सेक्टर में निवेश की सम्भावनाओं, औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं तथा जिले के एक्सपोर्ट प्लान पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। कलेक्टर श्री सिंह द्वारा गारमेंट क्लस्टर में शीघ्र ही डाइंग एवं वाशिंग प्लांट प्रारंभ करने के निर्देश बैठक में दिए। उन्होंने भटौली मे फर्नीचर क्लस्टर की स्थापना की प्रगति की समीक्षा की।
लॉजिस्टिक पार्क, रिछाई औद्योगिक क्षेत्र मे बाउंड्री निर्माण, रिछाई औद्योगिक क्षेत्र मे फायर स्टेशन स्थापना, मोहनिया में अधोसंरचना विकास के कार्यो का ब्यौरा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को इस दिशा में प्रगति लाने के निर्देश दिए। बैठक में नई इकाईयों की स्थापना के लिए भूमि आवंटन पर चर्चा की गई। इसके अलावा एमपीआईडीसी की गतिविधियों की भी विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में मुख्य रूप से टेक्सटाइल एक्सपोर्ट प्लान, मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना, प्रस्तावित नए ट्रेड की जानकारी व ट्रेड सिक्योरिटी पर भी आवश्यक चर्चा की गई। खाद्य प्रसंस्करण क्लस्टर की स्थापना हेतु उद्योगपतियों को प्रस्ताव देने हेतु प्रोत्साहित किया गया। एक्जी़बीशन सेंटर के संचालन पर भी चर्चा हुई। बैठक मे एमपीआईडीसी के कार्यकारी संचालक श्री अनिल कुमार राठौर द्वारा औद्योगिक क्षेत्रों मे भूमि की उपलब्धता और नवीन औद्योगिक क्षेत्रों की जानकारी का प्रस्तुतीकरण किया गया।
जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक श्री विनीत रजक ने एमएसएमई विभाग से संबंधित विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। बैठक मे मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक गहलोत, डॉ अर्पित शुक्ला प्राचार्य आईटीआई, सुजीत घोष सहायक निदेशक एमएसएमई भारत सरकार, निशांत मिश्रा प्रबंधक आई टी पार्क, श्रीमती नीलम अग्रवाल तथा उद्योग संघों की ओर से रवि गुप्ता, अशोक परयानी, पंकज महेश्वरी, श्रीमती भावना मादान , दीपक जैन, अनुराग जैन, विवेक मोहन पाठक, मुनिन्द्र मिश्रा, प्रवीण शर्मा आदि उपस्थित रहे।
