सीधी में जनसुनवाई: मौके पर समाधान, स्वास्थ्य जांच व आधार सेवा की मिली सुविधा

Advertisement

(सीधी) जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई एक बार फिर आमजन के लिए राहत और भरोसे का केंद्र बनी। कलेक्टर विकास मिश्रा ने स्वयं उपस्थित होकर बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से जुड़े आवेदनों पर मौके पर ही कार्यवाही सुनिश्चित की गई।

जनसुनवाई को अधिक सरल और प्रभावी बनाने के लिए इस बार भी आवेदन लेखन की सुविधा उपलब्ध रही, जहां जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैरा लीगल वालेंटियर्स ने आवेदकों की सहायता की। प्राप्त आवेदनों को तत्काल जन आकांक्षा पोर्टल पर दर्ज कर पावती प्रदान की गई, जिससे प्रकरणों की पारदर्शी मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो सके।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हितग्राही मूलक योजनाओं से जुड़े प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए और प्रत्येक आवेदक को समय पर कार्रवाई की जानकारी दी जाए। साथ ही, निरस्त किए जाने वाले आवेदनों के कारण स्पष्ट रूप से बताने के निर्देश दिए, ताकि आमजन में विश्वास बना रहे।

जनसुनवाई के दौरान विभिन्न सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा नागरिकों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया गया, वहीं आधार अपडेट की सुविधा भी उपलब्ध रही, जिससे लोगों को अलग-अलग स्थानों पर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ी।

इसी दौरान ग्राम बम्हनी निवासी सुशीला विश्वकर्मा की वृद्धा पेंशन संबंधी समस्या का कलेक्टर द्वारा तत्काल निराकरण करते हुए स्वीकृत कराने की कार्यवाही की गई।

भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए जनसुनवाई स्थल पर कूलर, पेयजल एवं छाया की समुचित व्यवस्था की गई थी, जिससे नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें