मध्य प्रदेश में गेहूं खरीदी व्यवस्था पूरी तरह विफल, किसानों के हितों की लड़ाई को लेकर कांग्रेस का प्रदेशव्यापी आंदोलन
(भोपाल) मध्य प्रदेश में गेहूं खरीदी व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित, किसान विरोधी और सरकार की प्रशासनिक विफलता का प्रतीक बन चुकी है। प्रदेश सरकार द्वारा बार-बार खरीदी एवं स्लॉट बुकिंग की तिथियां बढ़ाया जाना इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि सरकार का खरीदी तंत्र पूरी तरह चरमरा गया है। कांग्रेस पार्टी लगातार सरकार को आगाह करती रही है कि जिस रफ्तार से खरीदी हो रही है, उससे प्रदेश के किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
खरीदी के शुरुआती 14 दिनों में मात्र 9.5 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी होना सरकार की तैयारी, प्रबंधन और किसानों के प्रति संवेदनहीनता को उजागर करता है। आज प्रदेश का किसान स्लॉट बुकिंग की परेशानी, पंजीयन पर्ची अपलोड करने में तकनीकी समस्याएं, भुगतान में देरी, खरीदी केंद्रों पर अव्यवस्था तथा मूलभूत सुविधाओं के अभाव जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है।
प्रदेशभर के खरीदी केंद्रों पर किसानों के लिए पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था, शौचालय और सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हैं। किसान घंटों नहीं बल्कि कई-कई दिनों तक अपनी उपज बेचने के लिए परेशान होने को मजबूर हैं।
खरीदी में देरी और सरकारी तंत्र की विफलता के कारण हजारों किसानों को मजबूरी में अपना गेहूं ₹1800 से ₹2200 प्रति क्विंटल की दर पर व्यापारियों को बेचना पड़ा, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि प्रदेश सरकार तत्काल किसानों को समर्थन मूल्य ₹2625 प्रति क्विंटल और मजबूरी में कम कीमत पर बेचे गए गेहूं के वास्तविक मूल्य के अंतर की राशि किसानों के खातों में जमा करे। साथ ही मूंग खरीदी में सरकार की उदासीनता, सोयाबीन पर किए गए ₹6000 प्रति क्विंटल के वादे, गेहूं पर बोनस एवं अन्य फसलों के उचित मूल्य को लेकर किए गए चुनावी वादों पर भी सरकार जवाब दे।
इन्हीं किसान विरोधी नीतियों और खरीदी व्यवस्था की विफलता के खिलाफ मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर 7 मई 2026 को आगरा-मुंबई राजमार्ग पर प्रदेशव्यापी चक्का जाम आंदोलन आयोजित किया जा रहा है। भोपाल संभाग के समस्त जिलों के कांग्रेस कार्यकर्ता, किसान प्रतिनिधि एवं आमजन शाजापुर में एकत्रित होकर आगरा-मुंबई राजमार्ग पर किसानों के अधिकारों और उनकी न्यायोचित मांगों के समर्थन में चक्का जाम करेंगे।
इसी संबंध में आज जिला कांग्रेस कमेटी भोपाल द्वारा आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रमुख रूप से पी.सी. शर्मा, पूर्व मंत्री, प्रवीण सक्सेना, अध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी (शहर),
अनोखी मानसिंह पटेल, अध्यक्ष, जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी, अरुण श्रीवास्तव, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी, अभिषेक शर्मा, संगठन महासचिव
जितेंद्र मिश्रा, प्रदेश प्रवक्ता उपस्थित रहे।
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट कहा कि यदि प्रदेश सरकार किसानों के हितों की रक्षा करने में विफल रहती है, तो कांग्रेस पार्टी किसानों के हक, सम्मान और उनकी उपज के उचित मूल्य के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
