कलेक्‍टर ने की गेहूं उपार्जन की प्रगति की समीक्षा परिवहन और भंडारण में लाये तेजी

Advertisement

(जबलपुर) जिला उपार्जन समिति की गुरूवार की सुबह आयोजित बैठक में कलेक्‍टर श्री राघवेन्‍द्र सिंह ने किसानों से समर्थन मूल्‍य पर खरीदे गये गेहूं के परिवहन और भंडारण में गति लाने के निर्देश दिये हैं। उन्‍होंने अधिकारियों को अभी तक हुई खरीदी के स्‍वीकृति पत्रक शीघ्र जारी करने की हिदायत भी दी, ताकि किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जा सके। कलेक्‍टर श्री सिंह ने बैठक में मौजूद अधिकारियों से कहा कि खरीदी केन्‍द्र परिसर में रखे उपार्जित गेहूं की सुरक्षा का विशेष ध्‍यान रखा जाये।

उन्‍होंने खरीदी केन्‍द्रों का नियमित भ्रमण करने निर्देश देते हुए अधिकारियों से कहा कि जहां भी उपार्जन में अनियमितता या लापरवाही पाये जाये उस पर तुरंत कार्यवाही करें। श्री सिंह ने कहा कि खरीदी व्‍यवस्‍था का बिचौलियों या व्‍यापारियों द्वारा अनुचित लाभ उठाने की कोशिशों पर सख्‍ती से लगाम लगाई जाये और जहां कहीं से भी ऐसी शिकायतें मिले तत्‍काल एक्‍शन लें। श्री सिंह ने बैठक में समर्थन मूल्‍य पर गेहूं की खरीदी में उपार्जन नीति का हर हाल में पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्‍होंने कहा कि खरीदी केन्‍द्रों पर किसानों की सुविधाओं का विशेष ध्‍यान रखा जाये। श्री सिंह ने कहा कि खरीदी केन्‍द्र में बारदाने और तौल-कांटे की पर्याप्‍त उपलब्‍धता सुनिश्चित की जाये।

बैठक में बताया गया कि बुधवार की शाम तक जिले में 15 हजार 432 किसानों से 7 लाख 91 हजार 015 क्विंटल गेहूँ की खरीदी की जा चुकी थी तथा पंजीयन कराने वाले 50 हजार 788 किसानों में से 36 हजार 804 किसानों द्वारा स्लॉट बुक कराये जा चुके थे। बुधवार तक 16 करोड़ 15 लाख 28 हजार 510 रूपये का भुगतान भी किसानों को किया जा चुका है। बैठक में नोडल अधिकारी उपार्जन संयुक्‍त कलेक्‍टर ऋषभ जैन, प्रभारी जिला आपूर्ति नियंत्रक सीमा बोरसिया तथा उपार्जन समिति के सभी सदस्‍य मौजूद थे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें