सामाजिक चुनौतियों के समाधान में स्वैच्छिक संगठनों की अहम भूमिका- कलेक्टर

Advertisement

पंख कार्यक्रम के तहत जन अभियान परिषद की जिला स्तरीय बैठक सम्पन्न

(सतना)  मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा स्वैच्छिक संगठनों के सशक्तिकरण के उद्देश्य से संचालित “पंख कार्यक्रम” के तहत गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने की। बैठक में अपर कलेक्टर विकास सिंह, संभाग समन्वयक प्रवीण पाठक, जिला समन्वयक डॉ. राजेश तिवारी सहित कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास तथा अन्य विभागों के अधिकारी एवं जिले में सक्रिय स्वैच्छिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने कहा कि मझगवां का बरौंधा और उचेहरा का परसमनिया क्षेत्र जनजातीय बाहुल्य हैं। जहां शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में स्वैच्छिक संगठनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में पोषण, अशिक्षा, अंधविश्वास और पलायन जैसी समस्याएं प्रमुख हैं, जिनके समाधान के लिए प्रशासन और सामाजिक संस्थाओं को मिलकर कार्य करना होगा।
कलेक्टर ने विशेष रूप से बाल विवाह, कम उम्र में मातृत्व और झाड़-फूंक जैसी कुप्रथाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए इनके विरुद्ध जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित चिकित्सा सेवाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाना आवश्यक है, जिससे समाज स्वस्थ और जागरूक बन सके। जिला समन्वयक डॉ. राजेश तिवारी ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से जिले में अब तक किए गए कार्यों की प्रगति प्रस्तुत की। संभाग समन्वयक प्रवीण पाठक ने बताया कि पंख कार्यक्रम का उद्देश्य स्वैच्छिक संगठनों और प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित कर उनके कार्यों को व्यापक स्तर पर विस्तार देना है।
इसके अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत उत्कृष्ट एनजीओ की पहचान कर उनकी विशेषज्ञता के आधार पर डायरेक्ट्री तैयार की जाएगी। बैठक में जल गंगा संवर्धन, पर्यावरण संरक्षण, आदर्श ग्राम विकास, पोषण उन्मूलन, सामाजिक समरसता, महिला एवं बाल सशक्तिकरण सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही सीएसआर फंड के माध्यम से सामाजिक विकास कार्यों को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम में विकासखण्ड समन्वयक प्रदीप तिवारी, ममता सिंह, विजयेन्द्र जड़िया, अरूण प्रताप सिंह, श्याम सुन्दर मिश्रा, अनूप कुमार पाठक, आदित्य दहायत, सुमित प्रजापति, आकाश तिवारी, धीरज प्रताप सिंह उपस्थित रहे।
Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें