आर.आर.आर. सेंटर बना आकर्षण का केंद्र, बैकलैन एवं सकरी गलियों का हुआ सौंदर्यीकरण

Advertisement

नगर परिषद कैमोर की अभिनव पहल से बदली नगर की तस्वीर

(कैमोर) नगर परिषद कैमोर द्वारा स्वच्छता एवं नगर सौंदर्यीकरण को लेकर लगातार अभिनव पहलें की जा रही हैं। इसी क्रम में नगर के मुख्य प्रवेश मार्ग पर आकर्षक आर.आर.आर. (रेड्यूस, रियूज, रिसायकल) सेंटर का निर्माण कराया गया है, जो वर्तमान में नगरवासियों एवं राहगीरों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से नगर में स्वच्छता, सौंदर्यीकरण एवं जनहित से जुड़े विकास कार्यों को निरंतर गति मिल रही है। उनके सहयोग से नगर परिषद द्वारा नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने के लिए विभिन्न योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।

नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती पलक ग्रोवर ने बताया कि परिषद द्वारा नगर के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। नगर प्रवेश मार्ग पर निर्मित आर.आर.आर. सेंटर नगर की नई पहचान के रूप में उभर रहा है। वहीं नगर परिषद उपाध्यक्ष संतोष केवट ने कहा कि परिषद द्वारा विभिन्न वार्डों में चरणबद्ध तरीके से स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्य कराए जा रहे हैं, जिससे नगर का वातावरण अधिक स्वच्छ एवं आकर्षक बन रहा है।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी मनीष परते के निर्देशन में तैयार किए गए इस आर.आर.आर. सेंटर का उद्देश्य अनुपयोगी वस्तुओं के पुनः उपयोग को बढ़ावा देना तथा नागरिकों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। परिषद द्वारा सेंटर को आकर्षक रंग-रोगन, स्वच्छ परिसर एवं रचनात्मक सज्जा के माध्यम से सुंदर स्वरूप प्रदान किया गया है, जिससे नगर की सकारात्मक छवि उभरकर सामने आ रही है।

इसके साथ ही नगर परिषद द्वारा नगर की बैकलैन एवं सकरी गलियों का भी व्यापक कायाकल्प किया गया है। पहले उपेक्षित रहने वाले इन क्षेत्रों में अब नियमित साफ-सफाई, रंगीन पेंटिंग, दीवार सज्जा एवं बेहतर प्रकाश व्यवस्था के माध्यम से नया स्वरूप दिखाई दे रहा है। इन कार्यों से न केवल स्वच्छता व्यवस्था मजबूत हुई है, बल्कि नगर की सुंदरता में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

नगर परिषद कैमोर की इन पहलों की स्थानीय नागरिकों द्वारा सराहना की जा रही है तथा लोगों में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक संदेश पहुंच रहा है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें