प्रभारी मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर ने थाना देहात में किया वृक्षारोपण प्रभारी मंत्री ने की पुलिस अधीक्षक की सराहना थाना देहात में हरित पहल को बताया अनुकरणीय

Advertisement

(टीकमगढ़) जिला टीकमगढ़ में पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत 6 मई 2026 को थाना देहात परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश शासन की पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण, विमुक्त घुमंतु एवं अर्द्धघुमंतु कल्याण विभाग की राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा टीकमगढ़ जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर ने पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई एवं जनप्रतिनिधियों’ के साथ पौधारोपण कर हरित भविष्य के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता व्यक्त की।
प्रभारी मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर ने अपने उद्बोधन में इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रयास केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन, प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इस अभियान को जनसहभागिता से आगे बढ़ाते हुए एक व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप दें।

पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई ने बताया कि जिले में पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए पुलिस लाइन परिसर में पूर्व से ही लगभग 10,000 पौधों का रोपण एवं संरक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में सभी थाना एवं चौकी परिसरों में भी वृक्षारोपण कर हरित वातावरण के निर्माण की दिशा में सतत प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि पौधों के संरक्षण हेतु नवाचार अपनाते हुए पुलिस आवासीय परिसरों से निकलने वाले अपशिष्ट जल का शोधन कर सिंचाई में उपयोग किया जा रहा है, जिससे जल संरक्षण के साथ पौधों की निरंतर देखरेख सुनिश्चित हो रही है। भीषण गर्मी एवं प्रतिकूल परिस्थितियों में भी पौधों की सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं, जिससे उनका संरक्षण प्रभावी रूप से किया जा सके।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती उमिता राहुल सिंह, पूर्व विधायक टीकमगढ़ श्री राकेश गिरी, श्री महेश यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विक्रम सिंह कुशवाहा, एसडीओपी टीकमगढ़ श्री राहुल कटरे, रक्षित निरीक्षक श्री कनक सिंह चौहान, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक रविभूषण पाठक, थाना प्रभारी यातायात सूबेदार आर्या पाराशर सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस बल एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें