मप्र प्रशासनिक इकाई पुनर्गठन आयोग की तहसील स्तरीय बैठक सम्पन्न आयोग सचिव श्री सिंह ने सिखाये स्ट्रेस रिलीफ के गुर, जानी कर्मचरियों की समस्याएं
(कटनी) मध्यप्रदेश प्रशासनिक इकाई पुनर्गठन आयोग के सचिव एवं भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी श्री अक्षय कुमार सिंह की अध्यक्षता में प्रशासनिक सुधार एवं सुदृढीकरण के लिए तहसील स्तरीय बैठक का आयोजन नवीन संयुक्त तहसील कटनी के सभाकक्ष में किया गया।
सचिव श्री सिंह ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि यह बैठक पूर्णत: औपचारिक हैं, मैं यहां आपसे कोई समीक्षा नहीं कर रहा, बल्कि आपकी बेहतर कार्यक्षमता, प्रशासनिक सुधार आदि के संबंध में आपसे चर्चा करने आया हूँ। भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी श्री सिंह ने उपस्थित सभी विभागों के प्रतिनिधियों से वन टू वन चर्चा की एवं अधिकारियों-कर्मचारियों से उनके कार्य दायित्वों के निर्वहन में आने वाली समस्याओं एवं सकारात्मक सुझावों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को वर्क लाइफ मैनेजमेंट एवं स्ट्रेस रिलीफ वर्क कल्चर की समझाइश देते हुये पदीय दायित्वों का पूर्ण ईमानदारी से निर्वहन करने हेतु प्रेरित किया। सचिव श्री सिहं द्वारा समस्त विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों से प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार संबंधी सुझाव भी मांगे और कहा कि मैं आपके सुझावों और समस्याओं को आयोग के समक्ष रखूंगा।
बैठक में एसडीएम श्री प्रमोद चतुर्वेदी, जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण श्री विमल चौरसिया, श्री अजीत तिवारी तहसीलदार कटनी नगर, श्री अतुलेश सिंह बघेल प्रभारी तहसीलदार कटनी ग्रामीण, श्री आकाश नीरज प्रभारी तहसीलदार, सुश्री अवंतिका तिवारी प्रभारी तहसीलदार, श्रीमती साक्षी शुक्ला नायब तहसीलदार कटनी नगर, सीईओ जनपद पंचायत श्री प्रदीप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं विभागों से आये प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।
