छात्रावासों में बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें, अधीक्षक मुख्यालय पर रहें: संभागीय उपायुक्त
(सीधी) छात्रावासों में बच्चों के लिए सुरक्षित, व्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संभागीय उपायुक्त, जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति विकास रीवा संभाग जे.पी. यादव ने विभागीय एवं शिक्षा विभाग द्वारा संचालित छात्रावासों के अधीक्षकों की संयुक्त बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी छात्रावास अधीक्षक पूर्ण समय मुख्यालय पर उपस्थित रहकर छात्रावासों की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करें।
संभागीय उपायुक्त ने निर्देश दिए कि छात्रावासों में बच्चों के आवासीय कमरों में पर्याप्त रोशनी, शुद्ध पेयजल तथा शौचालय एवं बाथरूम में रनिंग वाटर सप्लाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि छात्रावासों में बच्चों को सुरक्षित और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उन्होंने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह चालू हालत में रहें तथा बच्चों को उनके पालकों या सगे भाई-बहनों के अलावा किसी अन्य व्यक्ति के साथ न भेजा जाए। छात्रावास से बच्चों को लाने-ले जाने वाले व्यक्तियों का पूरा रिकॉर्ड संधारित करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने छात्रावास भवन, परिसर और विद्यार्थियों की व्यक्तिगत स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही निर्देशित किया कि बच्चों का प्रति माह नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए तथा किसी भी छात्र के बीमार होने पर तत्काल चिकित्सकीय उपचार उपलब्ध कराया जाए।
आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 को देखते हुए संभागीय उपायुक्त ने छात्रावासों की शत-प्रतिशत सीटें भरने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने और बच्चों व उनके अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सामग्री खरीदी में भंडार क्रय नियमों का पालन करते हुए गुणवत्तायुक्त सामग्री क्रय करने पर भी जोर दिया।
पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए उन्होंने बारिश से पहले पौधारोपण की तैयारी करने, छात्रावास परिसरों में छायादार एवं फलदार पौधे लगाने तथा किचन गार्डन विकसित कर सब्जी उत्पादन को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।
बैठक के पश्चात संभागीय उपायुक्त जे.पी. यादव ने कलेक्टर विकास मिश्रा से सौजन्य भेंट की। इस दौरान कलेक्टर ने जिले में जनजातीय विभाग की प्राथमिकताओं पर चर्चा करते हुए छात्रावासों की बेहतर व्यवस्था, शिक्षकों की समय पर विद्यालयों में उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, वनाधिकार अधिनियम, पीएम जनमन योजना एवं धरती आबा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपेक्षा व्यक्त की।
संभागीय उपायुक्त ने जिले में नियमित अंतराल पर उपस्थित रहकर व्यवस्थाओं के सुधार में सक्रिय सहयोग देने का आश्वासन दिया। बैठक में प्रभारी सहायक आयुक्त एस.एन. द्विवेदी एवं जिला शिक्षा अधिकारी पी.के. सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
