ग्रीष्म ऋतु के उग्र रूप एवं बढ़ती लू के बीच नगर परिषद कैमोर द्वारा पेयजल व्यवस्थाएं की जा रहीं सुदृढ़
(कटनी) नगर क्षेत्र में ग्रीष्म ऋतु के उग्र रूप एवं लगातार बढ़ती गर्म लू को दृष्टिगत रखते हुए जनलोकप्रिय कर्मयोगी विधायक श्री संजय सतेंद्र पाठक के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से प्रारंभ करवाई गई जनहितकारी पेयजल व्यवस्थाओं को नगर परिषद कैमोर द्वारा और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित किया जा रहा है।
इसी क्रम में नगर के विभिन्न पेयजल पड़ावों पर स्थापित जल टंकियों, प्याऊ स्थलों एवं पेयजल केंद्रों की पुनः साफ-सफाई, स्वच्छता एवं रखरखाव कार्य कराया जा रहा है, ताकि आमजन, राहगीरों एवं यात्रियों को स्वच्छ, शीतल एवं सुरक्षित पेयजल सहज रूप से उपलब्ध हो सके। नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती पलक नमित ग्रोवर ने कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं सुचारू रूप से उपलब्ध कराना परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से सार्वजनिक पेयजल स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने एवं व्यवस्थाओं में सहयोग करने की अपील भी की।
उपाध्यक्ष श्री संतोष केवट ने कहा कि नगर के विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग कराई जा रही है, ताकि राहगीरों एवं आमजन को गर्मी एवं लू के दौरान राहत मिल सके तथा उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री मनीष परते के निर्देशन में संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि सभी पेयजल पड़ावों की नियमित निगरानी करते हुए स्वच्छता, जल आपूर्ति एवं व्यवस्थाओं को निरंतर सुचारू बनाए रखें, जिससे नागरिकों को बेहतर एवं सुरक्षित पेयजल सुविधा उपलब्ध होती रहे। नगर परिषद कैमोर द्वारा नागरिकों से भी सार्वजनिक पेयजल स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने एवं व्यवस्थाओं में सहयोग करने की अपील की गई है।
