कलेक्टर ने खरीदी केन्द्र का किया निरीक्षण, दिये आवश्यक निर्देश
(जबलपुर) कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह ने आज सिहोरा के जुझारी स्थित स्पर्श वेयरहाउस का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गेहूं खरीदी, भंडारण व्यवस्था एवं तुलाई कार्य की जानकारी ली। संभावित बारिश को देखते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार खरीदी एवं तुलाई कार्य शीघ्र पूर्ण कर गेहूं को सुरक्षित रूप से गोदामों में संग्रहित किया जाए, ताकि किसी प्रकार की क्षति न हो।
कलेक्टर श्री सिंह ने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसानों की सुविधा एवं शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्यों में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जबलपुर एसडीएम श्री अभिषेक सिंह तथा संबंधित क्षेत्र के तहसीलदार मौजूद थे।
