गंगा दशमी पर कैमोर के पनिहाई धाम में पूजन व कलश यात्रा आयोजित
(कटनी) जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत गंगा दशमी के पावन अवसर पर नगर परिषद कैमोर द्वारा पनिहाई धाम स्थित जलीय संरचना पर विशेष पूजन, कलश यात्रा एवं स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कलश यात्रा निकाली और जलीय संरचना का विधिवत पूजन कर जल संरक्षण एवं स्वच्छता का संदेश दिया।
इस अवसर पर बताया गया कि क्षेत्रीय विधायक संजय सत्येंद्र पाठक के मार्गदर्शन एवं प्रयासों से नगर को पनिहाई धाम स्थित इस महत्वपूर्ण जलीय संरचना की सौगात प्राप्त हुई है। वर्तमान में यह स्थल जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और जनआस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है। कार्यक्रम के दौरान जलीय स्रोतों के संरक्षण और उनके सांस्कृतिक महत्व को लेकर जनजागरूकता पर विशेष बल दिया गया।
कार्यक्रम नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती पलक नमित ग्रोवर की गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जल स्रोतों की स्वच्छता और संरक्षण में सभी की सहभागिता आवश्यक है, क्योंकि जल संरक्षण हमारी संस्कृति और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से जुड़ा विषय है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी मनीष परते ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर परिषद द्वारा जल संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण संवर्धन को लेकर निरंतर जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। उन्होंने नगरवासियों से जलीय संरचनाओं की स्वच्छता बनाए रखने एवं उनके संरक्षण में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सामुदायिक संगठक श्रीमती मनोरमा सिंह का विशेष योगदान रहा। उन्होंने महिलाओं को जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए अभियान में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की।
