गंगा दशहरा पर आल्हा ताल में हुई महाआरती और दीपदान
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
(मैहर) मैहर जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत गंगा दशहरा के अवसर पर दूसरे चरण में आल्हा जयंती के उपलक्ष्य में शास्त्रीय गायन और लोक नृत्य के सांस्कृतिक कार्यक्रम की धूम रही। इस मौके पर विधायक मैहर श्रीकांत चतुर्वेदी, विधायक अमरपाटन डॉ. राजेन्द्र कुमार सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल, कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने मैहर पहाडी के पीछे प्रसिद्ध आल्हा ताल में दीपदान किया और इस अवसर पर मां गंगा की भव्य महाआरती संपन्न हुई।
गंगा दशहरा के अवसर पर सांस्कृतिक संध्या में आल्हा जयंती के अवसर पर आल्हा देव की जीवनी, उनके सामाजिक और आध्यात्मिक योगदान पर आल्हा मंदिर के पुजारी डॉ. रामगोपाल दास ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आल्हा देव सामाजिक समरसता के प्रेरणा स्त्रोत है। मां शारदा के आशीर्वाद से उन्हें अद्भुत क्षमता और भक्ति मिली। कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह संयोग ही है कि गंगा दशहरा के अवसर पर आल्हा जयंती भी उनकी आराध्य देवी मां शारदा की नगरी में मनाई जा रही है।
उन्होंने गंगा अवतरण के बारे में बताया कि भागीरथ के प्रयास से मां गंगा का पृथ्वी पर अवतरण ब्रम्हा जी के कमण्डल से हुआ। उन्होंने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत पूरे प्रदेश सहित मैहर में भी ग्राम पंचायत और नगरीय क्षेत्रों में गंगा दशहरा के अवसर पर विविध कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। सांस्कृतिक संध्या की प्रथम प्रस्तुति में देवांश मिश्रा ने जमुना किनारे मेरो गांव………… की भक्तिमय प्रस्तुति दी।
द्वितीय प्रस्तुति संस्कृति चौरसिया, मानसी तिवारी और साथियों की कथक समूह नृत्य की रही। शासकीय संगीत महाविद्यालय के संगीत विद्यार्थियों द्वारा शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुतियों और नृत्यों की प्रस्तुति में सुखदेव प्रजापति, अम्बिकेश चौधरी और साथियों द्वारा स्वर वाद्य समूह की प्रस्तुति भी शामिल रही। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष गीता संतोष सोनी, जिला पंचायत सदस्य तारा विजय पटेल, जयंती तिवारी, सांसद प्रतिनिधि संतोष सोनी भी उपस्थित रहे।
