कलेक्टर श्री आशीष तिवारी की शहरवासियों से आत्मीय अपील कटनी को साफ-स्वच्छ और सुंदर बनाने में निभायें सक्रिय सहभागिता 31 मई तक अधिक से अधिक नागरिक दें सिटिजन फीडबैक

(कटनी)  स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के तहत कटनी शहर में जिला प्रशासन एवं नगर निगम द्वारा व्यापक स्तर पर स्वच्छता, कचरा प्रबंधन एवं जनजागरूकता गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं। इसके मद्देनजर कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने नगर निगम कटनी, नगर परिषद कैमोर, विजयराघवगढ़ व बरही के निवासियों  से अपने शहर को साफ-स्वच्छ और सुंदर बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की है।

कलेक्टर श्री तिवारी ने शहरवासियों से आत्मीय अपील में कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण की टीम कभी भी शहर का निरीक्षण करने पहुंच सकती है और नगर निगम द्वारा जल प्रबंधन, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी शहर की वास्तविक सफलता केवल प्रशासनिक प्रयासों से नहीं, बल्कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से सुनिश्चित होती है।

उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपने घर, गली, कॉलोनी एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने में स्वयं जिम्मेदारी निभाएं तथा नगर निगम प्रशासन का पूर्ण सहयोग करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यदि सभी नागरिक मिलकर स्वच्छता अभियान में सहभागी बनेंगे, तो कटनी को न केवल प्रदेश बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी एक नई और सकारात्मक पहचान प्राप्त होगी।

कलेक्टर श्री तिवारी ने जनप्रतिनिधियों, स्वच्छता मित्रों और आम नागरिकों को 31 मई तक अधिक से अधिक सिटिजन फीडबैक देने की अपील की है। कलेक्टर ने स्वच्छ सर्वेक्षण को केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि शहर की पहचान और नागरिक संस्कार से जुड़ा अभियान बताया है। उन्होंने कहा कि नागरिकों का सकारात्मक एवं रचनात्मक फीडबैक शहर की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के साथ-साथ स्वच्छता सर्वेक्षण की रैंकिंग सुधारने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें