कर्तव्यनिष्ठ सेवाओं को मिला सम्मान : आत्मीय माहौल में सेवानिवृत्त 4 अधिकारियों को दी गई भावभीनी विदाई

(कटनी)  वर्षों तक प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए जनसेवा, अनुशासन और समर्पण की मिसाल कायम करने वाले जिला रोजगार अधिकारी श्री डी.के. पासी, जिला आपूर्ति अधिकारी श्री सज्‍जन सिंह परिहार, नायब तहसीलदार श्री पी.के. वर्मा एवं राजस्‍व निरीक्षक श्री संतोष दुबे को कलेक्ट्रेट कार्यालय कटनी में आयोजित गरिमामय समारोह में भावभीनी विदाई दी गई। आत्मीयता, सम्मान और संवेदनाओं से ओतप्रोत इस समारोह में चारों अधिकारियों की उत्कृष्ट सेवाओं को याद करते हुए उनके योगदान को सराहा गया। चारों अधिकारी 31 मई 2026 को शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हो रहे हैं।

समारोह में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने कहा कि शासकीय सेवा केवल दायित्वों का निर्वहन नहीं, बल्कि समाज और आमजन के विश्वास को निभाने की जिम्मेदारी भी होती है। उन्होंने श्री डी.के. पासी, श्री सज्‍जन सिंह परिहार, श्री पी. के. वर्मा एवं राजस्‍व निरीक्षक श्री संतोष दुबे की कार्यशैली, ईमानदारी और प्रशासनिक अनुभव की सराहना करते हुए कहा कि चारों अधिकारियों ने अपने सेवाकाल में पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और कर्तव्यपरायणता के साथ दायित्वों का निर्वहन किया, जो प्रशासनिक सेवा में एक प्रेरक उदाहरण के रूप में सदैव याद रखा जाएगा।

कलेक्टर श्री तिवारी ने चारों अधिकारियों के स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन का विराम नहीं, बल्कि अनुभवों और उपलब्धियों से भरे एक नए अध्याय की शुरुआत है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि चारों अधिकारी भविष्य में भी अपने अनुभवों से समाज को सकारात्मक दिशा देते रहेंगे।विदाई समारोह के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी चारों अधिकारियों के साथ बिताए गए कार्यकाल की स्मृतियों को साझा किया। सभी ने उनके सरल, सौम्य एवं सहयोगात्मक व्यवहार की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनका मार्गदर्शन और कार्य के प्रति समर्पण सदैव प्रेरणा देता रहेगा।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें