विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर निकली जागरूकता रैली, नशामुक्त समाज के निर्माण का लिया संकल्प
नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी: सांसद
कार्यक्रम का शुभारंभ तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने की सामूहिक शपथ के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया। रैली पूजा पार्क से प्रारंभ होकर गांधी चौक पहुंची, जहां महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके पश्चात रैली पुनः पूजा पार्क स्थित गायत्री मंदिर परिसर में संपन्न हुई।
रैली में शामिल विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों एवं स्थानीय नागरिकों ने तंबाकू विरोधी नारों के माध्यम से जन-जागरूकता का संदेश दिया। शहर की प्रमुख सड़कों से होकर गुजरी इस रैली ने लोगों को तंबाकू और अन्य नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि तंबाकू का सेवन केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। उन्होंने सभी नागरिकों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह ने कहा कि नशा मुक्ति की दिशा में जन-जागरूकता सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने युवाओं से तंबाकू एवं अन्य नशे की लत से दूर रहने तथा समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करने की अपील की।
कलेक्टर विकास मिश्रा ने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण सामूहिक सहभागिता से ही संभव है। उन्होंने युवाओं एवं आमजन से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नशे के दुष्परिणामों के प्रति सजग रहने का आग्रह किया।
अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं उप संचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग धनंजय मिश्रा ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य तंबाकू एवं तंबाकू उत्पादों के सेवन से होने वाले कैंसर, टीबी, हृदय रोग, श्वसन संबंधी बीमारियों सहित अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा लोगों को स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम में पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, नगरीय निकाय, जन अभियान परिषद, ब्रह्मकुमारी संस्था, गायत्री परिवार तथा राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (एनयूएलएम) की महिला सदस्यों सहित विभिन्न विभागों एवं सामाजिक संस्थाओं की सक्रिय सहभागिता रही। वहीं संजय गांधी महाविद्यालय, कन्या महाविद्यालय, उत्कृष्ट विद्यालय तथा अन्य शैक्षणिक संस्थानों के एनसीसी एवं एनएसएस के छात्र-छात्राओं ने भी बड़ी संख्या में भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम में समाजसेवी देव कुमार सिंह, पार्षद बाबूलाल कुशवाहा, डिप्टी कलेक्टर एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रिया पाठक, एसडीएम गोपद बनास राकेश शुक्ला, जिला पंजीयक अभिषेक सिंह बघेल तथा जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक मुकेश गौर सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
