जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जुहला में जल संवाद व श्रमदान से किया गया तालाब गहरीकरण का कार्य
(कटनी) मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद, विकासखंड कटनी के सेक्टर क्रमांक 3 कन्हवारा अंतर्गत ग्राम जुहला में जल गंगा संवर्धन अभियान के द्वितीय चरण के तहत जनभागीदारी से जल संरक्षण की दिशा में सराहनीय पहल की गई। ग्राम पंचायत के समन्वय से आयोजित इस कार्यक्रम में जल संवाद के साथ-साथ स्थानीय तालाब के गहरीकरण हेतु श्रमदान किया गया।
इस दौरान उपस्थित ग्रामीणों को जल संरक्षण के महत्व एवं इसके दीर्घकालिक लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में सभी ने मिलकर श्रमदान करते हुए तालाब के गहरीकरण कार्य में योगदान दिया और जल संरक्षण के इस अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी ने यह संदेश दिया कि सामूहिक प्रयासों से ही जल संकट जैसी गंभीर समस्या का समाधान संभव है।
इस अवसर पर जिला समन्वयक डॉ. तेज सिंह केशवाल, विकासखंड समन्वयक बालमुकुंद मिश्र, ग्राम पंचायत सरपंच मोहित पाठक, सचिव मोनिका अवधिया, रोजगार सहायक आशीष विश्वकर्मा, नवांकुर संस्थान बारडोली वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष आर.एल. चौधरी, सदस्य शिवकुमार चौधरी तथा सेक्टर प्रभारी गनपत कोल सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
