मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने विजय उत्सव में शामिल होकर कार्यकर्ताओं को किया संबोधित
भाजपा ने राज्यसभा की तीनों सीट जीतकर फिर एक बार इतिहास रचा है- डॉ. महेन्द्र सिंह
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह एवं क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर राज्यसभा के तीनों नवनिर्वाचित सांसदों के विजय उत्सव में शामिल होकर उन्हें शुभकामनाएं दीं व नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल एवं महेश केवट का मुंह मीठा कराकर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस की राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन के नामांकन में अपराध की जानकारी छिपाना कांग्रेस का पूर्व नियोजित षड्यंत्र है। कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं ने राज्यसभा चुनाव में संभावित हार से बचने और भाजपा को बदनाम करने के लिए नामांकन में जानबूझकर गलती की थी। कांग्रेस के नेता नहीं चाहते थे कि मीनाक्षी नटराजन राज्यसभा में पहुंचें, इसलिए जानबूझकर नामांकन पत्र में अपराध की जानकारी छिपाई गई। कांग्रेस को अपने नेता-कार्यकर्ताओं व जनता पर भी भरोसा नहीं है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि राज्यसभा के निर्वाचन में सत्य की जीत हुई है। निर्वाचन अधिकारी ने अपराध की जानकारी छिपाने की जिस गलती के कारण कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन निरस्त किया था, आज सर्वोच्च न्यायालय ने भी उस पर मुहर लगा दी है। कांग्रेस पार्टी भाजपा को बदनाम करने और अपनी हार को छिपाने के लिए गलत आरोप लगा रही है। कांग्रेस का झूठ और राजनीतिक षड्यंत्र राज्यसभा के चुनाव में फिर उजागर हो गया है। भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत व संगठन शक्ति से भाजपा का विजय अभियान जारी है। भाजपा ने मध्यप्रदेश की राज्यसभा की तीनों सीट विजय प्राप्त कर फिर एक बार इतिहास रचा है।

राज्यसभा के चुनाव में कांग्रेस का बड़ा झूठ पकड़ा गया – डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के लिए राज्यसभा बड़े लोगों व नेताओं के लिए होती है, लेकिन भाजपा में सामान्य से सामान्य कार्यकर्ता को उच्च सदन भेजा जा रहा है। मध्यप्रदेश ने संत-महंत समुदाय के उमेश नाथ महाराज, मां नर्मदा की बेटी श्रीमती माया नारोलिया, कर्मठ कार्यकर्ता रजनीश अग्रवाल एवं अति पिछड़े समुदाय से आने वाले महेश केवट को राज्यसभा भेजा है। कांग्रेस पार्टी हमेशा से झूठ बोलती आ रही है, लेकिन इस बार कांग्रेस का झूठ पकड़ा गया। कांग्रेस की तेलंगाना की एक महिला कार्यकर्ता के साथ हुए अपराध में न्याय नहीं दिला पाने वाली कांग्रेस भाजपा पर अनर्गल आरोप लगाती है। कांग्रेस की कार्यकर्ता को न्याय नहीं मिला, इसी कारण मीनाक्षी नटराजन के खिलाफ मामला कोर्ट पहुंचा है। कांग्रेस पार्टी और उनकी प्रत्याशी दोनों झूठ बोल रहे हैं, क्योंकि कांग्रेस की प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन ने अपने नामांकन पत्र व शपथ पत्र में अपराध की जानकारी छिपाई।

कांग्रेस पार्टी और उनकी प्रत्याशी मध्यप्रदेश की जनता से अपने अपराध को छिपाए रखने के लिए नामांकन पत्र में जानकारी नहीं दी थी, लेकिन अपराध नहीं छिपता। भाजपा संगठन के पास जानकारी आई कि अपराध की जानकारी कांग्रेस प्रत्याशी ने छिपाई है। भाजपा ने निर्वाचन अधिकारी के समक्ष आपत्ति दर्ज कराई। निर्वाचन अधिकारी द्वारा दस्तावेजों की जांच में अपराध की जानकारी छिपाना सामने आया और नामांकन निरस्त हो गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास संख्या बल नहीं था। कांग्रेस विधायकों को प्रदेश से बाहर ले जाने के लिए 75 सीटर विमान बुलाया था, उसमें सिर्फ 25 विधायक ही सवार हुए। विमान की सीटें भरने के लिए विधायकों के परिवार को बुलाया गया। कांग्रेस पार्टी के प्र्रत्याशी ने निर्वाचन अधिकारी के समक्ष स्वीकार किया कि उन्होंने तेलंगाना की अदालत के समन पर अपना पक्ष रखा है।
संसदीय गरिमा को गौरवान्वित करेंगे प्रदेश के तीनों राज्यसभा सांसद- हेमंत खण्डेलवाल
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि तीनों नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद मध्यप्रदेश व देश की प्रगति व विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे। संसदीय गरिमा को गौरवांवित करने के साथ विकास की बात को और बुलंद करेंगे। राज्यसभा में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व बढ़ना पूरे प्रदेश के लिए एक गौरव का क्षण है। नवनिर्वाचित सांसदगण देश की प्रगति, नीति-निर्माण और आम जनता के कल्याण से जुड़े कार्यों व जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश जिस तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है, उसमें पार्टी के नवनिर्वाचित सांसदों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। मध्यप्रदेश के विकास से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय पटल पर मजबूती से रखकर ये सभी सांसद राज्य की उन्नति में अपना बहुमूल्य योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि मैं तीनों नवनिर्वाचित सांसदों के सफल और उज्ज्वल कार्यकाल की कामना करता हूं। विश्वास व्यक्त करता हूं कि उनका यह कार्यकाल देश और प्रदेश दोनों के लिए कल्याणकारी साबित होगा। उन्होंने कहा कि मुझे आशा ही नहीं, अपितु पूर्ण विश्वास है कि नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद मध्यप्रदेश की जनता की आकांक्षाओं और प्रदेश की आवाज को पूरी प्रमुखता व प्रखरता के साथ उठाएंगे।

देश के प्रगति, नीति-निर्माण व जनकल्याण के कार्यों को निष्ठा से निभाएंगे- डॉ. महेन्द्र सिंह
भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश से निर्वाचित हुए राज्यसभा के तीनों सांसद देश के प्रगति, नीति-निर्माण व जनकलयाण के कार्यों को निष्ठा से निभाएंगे। भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत व कर्मठता से प्रदेश का संगठन देश के आदर्शा संगठनों में गिना जाता है। मध्यप्रदेश संगठन के कार्यों में हमेशा उत्कृष्ट प्रदर्शन करता है। राज्यसभा के चुनावों में भाजपा ने तीनों सीटों पर ऐतिहासिक विजय प्राप्त कर इतिहास रच दिया है। आप सभी कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत व परिश्रम का परिणाम है कि विपक्षी दल के प्रत्याशी बहाना बनाकर चुनावी मैदान छोड़कर आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति कर रहे हैं। संभावित हार से बचने के लिए कांग्रेस के प्रत्याशी पहले भी इस तरह के हथकंडे अपनाते रहे हैं।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, मध्यप्रदेश शासन के मंत्री करण सिंह वर्मा, इंदर सिंह परमार, श्रीमती कृष्णा गौर, मध्यप्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष व विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग और लॉजिस्टिक्स कॉरपोरेशन के अध्यक्ष संजय नगायच, पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नंदिता पाठक, सुरेन्द्र शर्मा, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश मंत्री लोकेन्द्र पाराशर, सुश्री राजो मालवीय, सांसद श्रीमती माया नारोलिया, दर्शन सिंह चौधरी, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, महापौर श्रीमती मालती राय, पूर्व सांसद आलोक संजर, जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

