विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत 15 जून को बरही पहुंचेगे सांसद विष्णुदत्त शर्मा, विधायक संजय पाठक भी रहेंगे शामिल

बरही, कटनी। भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे विशेष जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत 15 जून 2026 को विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में खजुराहो लोकसभा के सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा, विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक तथा भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक सोनी टंडन प्रमुख रूप से शामिल होंगे।

भाजपा मंडल बरही द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार जनसंपर्क अभियान की शुरुआत भैसवाही से होगी, जिसके बाद कैमोर, विजयराघवगढ़, सिनगौड़ी, पिपरिया कला, बरही एवं बिरूहली में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बरही में आगमन के दौरान अतिथि सर्वप्रथम तहसील परिसर स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में पूजन-अर्चन करेंगे। इसके पश्चात अधिवक्ता संघ के शपथ ग्रहण समारोह में सहभागिता करेंगे।

बरही मंडल अध्यक्ष डॉ. जगदीश गुप्ता एवं महामंत्री पी.डी. ताम्रकार ने मंडल के समस्त वरिष्ठ कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों, शक्ति केंद्र संयोजकों, बूथ अध्यक्षों, पंच-परमेश्वर एवं कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में उपस्थित रहने का आग्रह किया है।

कार्यक्रम 15 जून को सायं 4:30 बजे पंचमुखी हनुमान मंदिर, तहसील परिसर के समीप बरही में आयोजित होगा। भाजपा मंडल बरही ने सभी कार्यकर्ताओं से समय पर उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें