खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा व विधायक संजय पाठक करेंगे विशेष जनसंपर्क, विजयराघवगढ़ में होगा भूमिपूजन एवं वृक्षारोपण
विजयराघवगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशव्यापी विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। भाजपा केंद्रीय नेतृत्व एवं प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के मार्गदर्शन में 15 जून 2026, सोमवार को विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न जनसंपर्क एवं विकासात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा, विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक तथा भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक सोनी टंडन विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे और जनसंपर्क अभियान में सहभागिता करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 11 बजे भैसवाही (काँटी मंडल) से अभियान का शुभारंभ होगा। इसके बाद दोपहर 12 बजे कैमोर में जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। दोपहर लगभग 2 बजे विजयराघवगढ़ में ऐतिहासिक किले एवं थाना परिसर के समीप वाटर एसटीपी प्लांट का भूमिपूजन किया जाएगा। साथ ही किले के पीछे स्थित नवनिर्मित पार्क भूमि में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित होगा तथा भाजपा कार्यकर्ताओं एवं वरिष्ठजनों के साथ जनसंपर्क बैठक भी संपन्न होगी।
इसके पश्चात प्रतिनिधिमंडल सिनगौड़ी (3 बजे), पिपरिया कला (4 बजे), बरही (5 बजे) तथा बिरूहली (सायं 7 बजे) पहुंचेगा, जहां कार्यकर्ताओं के साथ बैठक, संवाद एवं रात्रिभोज कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
भाजपा संगठन ने मंडल के समस्त वरिष्ठ कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, एल्डरमेन, नव नियुक्त पदाधिकारियों, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों, शक्ति केंद्र संयोजकों, बूथ अध्यक्षों, पंच परमेश्वर एवं सभी कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने का आग्रह किया है।

