बस हादसे के घायलों से मिलने जिला अस्पताल पहुंचे विधायक संदीप जायसवाल, कहा, जनता की सेवा सबसे बड़ा कर्तव्य
कटनी। कुठला थाना क्षेत्र के लमतरा के पास हुए भीषण बस हादसे में दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए, जबकि तीन लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद घायलों की चीख-पुकार और परिजनों की चिंता के बीच कटनी विधायक संदीप जायसवाल जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना।
बताया जाता है कि विधायक संदीप जायसवाल का चार दिन पूर्व ही पथरी का ऑपरेशन हुआ था और अभी उनके टांके भी नहीं खुले हैं। चिकित्सकों एवं परिवार के सदस्यों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी थी, लेकिन बस दुर्घटना की सूचना मिलते ही उन्होंने अपनी सेहत की परवाह किए बिना अस्पताल पहुंचने का निर्णय लिया।
जिला अस्पताल में घायलों से मुलाकात के दौरान विधायक ने उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और डॉक्टरों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने कहा कि, “जनता की सेवा मेरा पहला कर्तव्य है। हादसे में घायल लोग अस्पताल में दर्द से कराह रहे हों और मैं घर पर आराम करता रहूं, यह मुझसे नहीं हो सकता। परिवार के लोगों ने मुझे उठने से मना किया था, लेकिन मेरा ध्यान उन लोगों पर था जो अस्पताल में उपचार के लिए संघर्ष कर रहे थे। इसलिए मैं तत्काल जिला अस्पताल पहुंचा।”
विधायक के अस्पताल पहुंचने से घायलों और उनके परिजनों को संबल मिला। वहीं जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम भी घायलों के उपचार में जुटी रही। हादसे को लेकर क्षेत्र में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं।

