पालघर में अवैध शिक्षा कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, 77 गैर-मान्यता प्राप्त स्कूलों पर शिक्षण विभाग का शिकंजा
संचालकों पर दर्ज होंगे आपराधिक मामले, विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई
पालघर/मुंबई। महाराष्ट्र के पालघर जिले में बिना सरकारी मान्यता के संचालित हो रहे 77 अवैध स्कूलों के खिलाफ शिक्षण विभाग ने बड़ा अभियान छेड़ दिया है। विभागीय जांच में सामने आया कि कई शिक्षण संस्थान नियम-कायदों की खुलेआम अनदेखी करते हुए विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए अब इन स्कूलों पर कार्रवाई के साथ-साथ उनके संचालकों के खिलाफ आपराधिक मामले भी दर्ज किए जाएंगे।

शिक्षण विभाग के अधिकारियों के अनुसार जिले के विभिन्न हिस्सों में लंबे समय से बिना आवश्यक अनुमति और मान्यता के स्कूल संचालित किए जा रहे थे। जांच के दौरान कई स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव, अपात्र शिक्षकों की नियुक्ति तथा विद्यार्थियों के शैक्षणिक अभिलेखों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।

विभाग द्वारा संबंधित स्कूलों को पहले नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन संतोषजनक जवाब न मिलने पर अब कठोर कार्रवाई का फैसला लिया गया है।

अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि शिक्षा के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा।
जिला प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों का प्रवेश केवल मान्यता प्राप्त विद्यालयों में ही कराएं तथा प्रवेश से पूर्व स्कूल की वैधता की जांच शिक्षा विभाग की अधिकृत सूची से अवश्य करें।

शिक्षण विभाग ने यह भी संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में जिलेभर में विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत अन्य संदिग्ध शिक्षण संस्थानों की भी जांच होगी। इस कार्रवाई के बाद अवैध स्कूल संचालकों में हड़कंप मच गया है और शिक्षा क्षेत्र में पारदर्शिता तथा जवाबदेही को लेकर नई बहस शुरू हो गई है।
✍️ संजीव भागीरथी पांडे
महाराष्ट्र प्रमुख
RPKP INDIA NEWS

