खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी! अब पुलिस में होगी सीधी भर्ती, हर साल भरेंगे 60 पद
मुख्यमंत्री मोहन यादव की पहल, उत्कृष्ट खिलाड़ियों को बिना परीक्षा मिलेगा पुलिस सेवा में मौका
भोपाल। मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों के लिए बड़ी राहत और सुनहरा अवसर सामने आया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ने वर्ष 2021 के बाद उत्कृष्ट खिलाड़ियों की पुलिस विभाग में सीधी भर्ती प्रक्रिया को फिर से शुरू करने का फैसला किया है। इसके लिए गृह विभाग ने ‘मध्यप्रदेश पुलिस (उत्कृष्ट खिलाड़ियों की नियुक्ति) नियम, 2021’ में महत्वपूर्ण संशोधन किए हैं।
नई व्यवस्था के तहत अब हर वर्ष पुलिस विभाग में उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए 60 पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी। इनमें 10 पद उप निरीक्षक (SI) और 50 पद आरक्षक (Constable) के होंगे।
खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा फायदा
संशोधित नियमों के अनुसार खिलाड़ियों को भर्ती प्रक्रिया में कई महत्वपूर्ण छूट दी गई हैं। उत्कृष्ट खिलाड़ियों को निर्धारित शैक्षणिक योग्यता, ऊंचाई संबंधी मापदंड, लिखित परीक्षा और शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) से छूट मिलेगी। इससे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी प्राप्त करने का बेहतर अवसर मिलेगा।
अब हर साल होगी भर्ती
सरकार ने खेल कोटे से भर्ती प्रक्रिया को नियमित और वार्षिक बनाने का निर्णय लिया है। पुलिस मुख्यालय की चयन एवं भर्ती शाखा हर वर्ष रिक्त पदों का विज्ञापन जारी करेगी, जिससे खिलाड़ियों को लगातार अवसर मिलते रहेंगे।
कौन होंगे पात्र?
उप निरीक्षक पद के लिए ओलंपिक, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल, विश्व कप और विश्व चैम्पियनशिप में पदक जीतने वाले या सहभागिता करने वाले खिलाड़ी पात्र होंगे।
वहीं आरक्षक पद के लिए राष्ट्रीय खेलों और अधिकृत राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में स्वर्ण, रजत या कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ी आवेदन कर सकेंगे।
खेल संस्कृति को मिलेगा बढ़ावा
सरकार का मानना है कि इस फैसले से खिलाड़ियों को आर्थिक सुरक्षा और सम्मानजनक रोजगार मिलेगा। साथ ही वे अपने खेल करियर को भी जारी रख सकेंगे। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने इस पहल को खिलाड़ियों के भविष्य के लिए ऐतिहासिक कदम बताया है।
पारदर्शी होगी चयन प्रक्रिया
संशोधित नियमों में चयन और मूल्यांकन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाया गया है। मेरिट सूची तैयार करते समय ओलंपिक, एशियाई खेल, विश्व कप जैसी प्रतियोगिताओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
