जिले में 12 लाख 30 हजार से अधिक नागरिकों की समग्र ई-केवाईसी पूर्ण कलेक्टर श्री तिवारी कर रहें ई-केवाईसी कार्य की नियमित समीक्षा
(कटनी) शासन की हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक पारदर्शी और समयबद्ध रूप से पहुँचे, इसके लिए कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर जिले में अभियान चलाकर नागरिकों की समग्र ई-केवाईसी का कार्य निरंतर किया जा रहा है। कलेक्टर श्री तिवारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शत-प्रतिशत लक्ष्य की प्राप्ति तक इस कार्य को प्राथमिकता से गति प्रदान की जाए, ताकि जिले का प्रत्येक पात्र नागरिक शासन की योजनाओं का लाभ निर्बाध रूप से प्राप्त कर सके।
अभियान के तहत अब तक जिले के 12 लाख 30 हजार 314 नागरिकों की समग्र ई-केवाईसी पूर्ण की जा चुकी है, जो कुल निर्धारित लक्ष्य का 94 प्रतिशत है। प्रशासन द्वारा शेष लक्ष्य को भी शीघ्र पूर्ण करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। नगर परिषद कैमोर अव्वलजिले में समग्र ई-केवाईसी के कार्य में नगर परिषद कैमोर अग्रणी है, जहाँ अब तक 14 हजार 256 नागरिकों की ई-केवाईसी पूर्ण की जा चुकी है। वहीं जनपद पंचायत बड़वारा अपेक्षाकृत अंतिम पायदान पर है, जहाँ 1 लाख 95 हजार 836 नागरिकों का सत्यापन कार्य पूरा किया गया है।
इसी प्रकार नगर परिषद बरही में 13 हजार 298, नगर परिषद विजयराघवगढ़ में 8 हजार 167, नगर निगम कटनी में 1 लाख 70 हजार 652 नागरिकों की ई-केवाईसी पूर्ण हो चुकी है। जबकि जनपद पंचायत बहोरीबंद में 1 लाख 98 हजार 187, जनपद पंचायत कटनी में 1 लाख 44 हजार 93, जनपद पंचायत ढ़ीमरखेड़ा में 1 लाख 78 हजार 572, जनपद पंचायत विजयराघवगढ़ में 1 लाख 81 हजार 459 और जनपद पंचायत रीठी में 1 लाख 25 हजार 849 नागरिकों का सत्यापन कार्य संपन्न किया जा चुका है।
नागरिक यहां करा सकते हैं समग्र ई-केवाईसीजिले के नागरिक समग्र आईडी की आधार से ई-केवाईसी प्रक्रिया एमपी ऑनलाइन, कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी), कियोस्क एवं लोक सेवा केंद्रों के माध्यम से करा सकते हैं। इसके अतिरिक्त नागरिक स्वयं समग्र पोर्टल (www.samagra.gov.in ) तथा समग्र मोबाइल एप के जरिए भी यह प्रक्रिया पूर्ण कर सकते हैं।
