केन्द्रीय मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने नशा मुक्ति सप्ताह के अवसर पर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिलाई नशा मुक्ति की शपथ
(टीकमगढ़) केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार द्वारा कलेक्ट्रेट सभाकक्ष टीकमगढ़ में नशा मुक्ति सप्ताह के अवसर पर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर उन्होंने समाज को नशामुक्त बनाने तथा युवाओं एवं बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए जन-जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक न्याय विभाग, टीकमगढ़ के उपसंचालक सौरभ तिवारी द्वारा बच्चों में नशे के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से तैयार की गई नशा जागरूकता कॉमिक बुक का भी केन्द्रीय मंत्री डाॅ. कुमार द्वारा अनावरण किया गया। उन्होंने कॉमिक बुक की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों तक सरल, रोचक एवं प्रभावी माध्यमों से नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है। कॉमिक बुक के माध्यम से बच्चों को नशे के दुष्परिणामों तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन शैली के महत्व की जानकारी सहज रूप से प्राप्त होगी। यह पहल नशा मुक्त भारत के निर्माण तथा बच्चों एवं युवाओं में जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर टीकमगढ़ विधायक यादवेन्द्र सिंह बुन्देला, विवेक चतुर्वेदी, सांसद प्रतिनिधि अनुराग वर्मा, विधायक प्रतिनिधि, कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय, एसपी मनोहर सिंह मंडलोई, डीएफओ राजाराम परमार, अपर कलेक्टर शिवप्रसाद मंडराह, संयुक्त कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह, टीकमगढ़ एसडीएम श्रीमती संस्कृति मुदित लटोरिया, डिप्टी सुश्री अंजली शर्मा सहित संबंधित अधिकारी तथा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
✍️ शिवराज सिंह
RPKP INDIA NEWS
टीकमगढ़

