आधी रात टोल प्लाजा में घुसा तेज रफ्तार ट्रक, बड़ा हादसा टला; टिकट काउंटर पूरी तरह क्षतिग्रस्त
खितौली टोल प्लाजा पर बड़ा हादसा, कर्मचारियों की सूझबूझ और किस्मत से बची कई जिंदगियां
(कटनी) कटनी जिले की बरही तहसील अंतर्गत खितौली टोल प्लाजा पर शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बरही की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सीधे टोल प्लाजा के डिवाइडर को तोड़ते हुए टिकट काउंटर में जा घुसा। हादसे में टोल प्लाजा का टिकट काउंटर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि ट्रक का अगला हिस्सा भी बुरी तरह टूट गया।
रात करीब 12 बजे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना रात लगभग 12 बजे की है। तेज गति से आ रहा ट्रक अचानक नियंत्रण खो बैठा और सीधे टोल प्लाजा की संरचना से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डिवाइडर टूट गया और टिकट काउंटर भी क्षणभर में क्षतिग्रस्त हो गया।

कर्मचारी मौजूद नहीं थे, टला बड़ा हादसा
सबसे राहत की बात यह रही कि हादसे के समय टिकट काउंटर के अंदर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। यदि उस समय कर्मचारी ड्यूटी पर होता, तो बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था। घटना के बाद टोल प्लाजा परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त
टक्कर के कारण ट्रक के सामने का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और टोल कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को भी दी गई।
जांच में जुटे अधिकारी
प्राथमिक जानकारी के अनुसार ट्रक के अनियंत्रित होने की वजह तेज रफ्तार या चालक की लापरवाही मानी जा रही है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुट गए हैं।
✍️ मनोज कुमार तिवारी
RPKP INDIA NEWS
खितौली
