बरही के पिपरिया कला के समीप हाइड्रा की चपेट में आने से कछडारी निवासी ग्रामीण की मौत, चालक फरार; वाहन जब्त
बरही (कटनी)। बरही थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरिया कला के समीप बुधवार देर शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में ग्राम कछडारी निवासी लाला यादव (लगभग 45 वर्ष), पिता झल्ला यादव की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वे बरही क्षेत्र में संचालित एक हाइड्रा वाहन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे की सूचना स्थानीय लोगों ने तत्काल बरही पुलिस को दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद कुछ ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा और उन्होंने कुछ समय तक शव उठाने का विरोध करते हुए शव रोकने का प्रयास किया। बाद में बरही तहसीलदार एवं पुलिस प्रशासन की समझाइश के बाद ग्रामीण शांत हुए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने पर सहमत हो गए।
इसके बाद डायल-112 की सहायता से शव को बरही शवगृह लाया गया। देर रात्रि होने के कारण पोस्टमार्टम नहीं हो सका, इसलिए शव को शवगृह के फ्रीजर में सुरक्षित रख दिया गया।
बरही पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। दुर्घटना में शामिल हाइड्रा वाहन को जब्त कर बरही थाना परिसर में खड़ा कराया गया है। वहीं, परिजनों की रिपोर्ट पर लापरवाह चालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।
बहरहाल, यह हादसा पूरे क्षेत्र के लिए बेहद दुखद साबित हुआ। ग्राम कछडारी के एक परिवार ने अपना सदस्य खो दिया है, जिससे गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है। वहीं ग्रामीण दोषी चालक के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
नीरज तिवारी
RPKP INDIA NEWS
बरही

