सीएम हेल्पलाइन की स्थिति में सुधार लायें-कलेक्टर

समय-सीमा प्रकरणों की बैठक

(सतना) कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन की मासिक ग्रेडिंग में अभी दो सप्ताह का समय है। सभी विभागीय अधिकारी इस अवधि में 50 दिवस से ऊपर की शिकायतों को फोकस कर निराकरण की स्थिति में सुधार लाये। उन्होंने कहा कि इस सप्ताह गुरूवार को 15वीं रैंक से ऊपर रहने वाले विभागों की समीक्षा की जायेगी। सोमवार को समय-सीमा प्रकरणों की बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न विकास परियोजनाओं और विभागों के समन्वय के मुद्दों पर भी चर्चा की।
इस मौके पर आयुक्त नगर निगम शेर सिंह मीना, सीईओ जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह, अपर कलेक्टर विकास सिंह, एसडीएम महिपाल सिंह गुर्जर, राहुल सिलाडिया, एलआर जांगडे, सुभाष मिश्रा, डिप्टी कलेक्टर संदीप परस्ते सहित विभाग प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे। सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा में कलेक्टर ने राजस्व विभाग की तहसीलवार शिकायतों की समीक्षा की। राजस्व की कुल 1700 शिकायतों में सबसे ज्यादा 482 रामपुर बघेलान और 268 नागौद तहसील में पाई गई। सभी तहसीले डी श्रेणी में रही। नक्शा विहीन ग्रामों की नक्शा तैयार करने की कार्यवाही की समीक्षा में कलेक्टर ने कहा कि शेष ग्रामों के नक्शे बनाने का कार्य अभियान स्वरूप करें।
इनमें सबसे अधिक गांव नागौद और उचेहरा तहसील के शामिल है। नक्शा तैयार करने के कार्य में एसडीएम उचेहरा सुमेश द्विवेदी को नोडल अधिकारी बनाये। कलेक्टर ने कहा कि जिला विकास पुस्तिका की सभी तैयारी एक-दो दिन में पूरी कर ले। उन्होंने कलेक्ट्रेट सहित विभिन्न विभागों के अनुकम्पा नियुक्ति प्रकरण और पदोन्नति कार्य की जानकारी ली।
सभी विभागों ने बताया कि पदोन्नति संबंधी कार्यवाही जिला स्तर से नहीं होकर मुख्यालय स्तर से की जा रही है। कलेक्टर ने टीएल बैठक में वर्चुअली नहीं जुडने वाले अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर एक दिवस का वेतन काटने के निर्देश दिये। विकास परियोजनाओं की समीक्षा और समन्वय के मुद्दों पर कलेक्टर ने रेल्वे, जल निगम, नर्मदा घाटी विकास, बरगी नहर, राष्ट्रीय राजमार्ग, पावर ग्रिड, पीआईयू, पीएचई, एनएच पीडब्ल्यूडी, हाउसिंग बोर्ड, नगरीय प्रशासन, पीडब्ल्यूडी ब्रिज से संबंधित कार्यो की प्रगति एवं भूमि आवंटन के संबंध में चर्चा की। सतना बाणसागर मल्टी विलेज स्कीम में जल निगम द्वारा अप्रारंभ टंकी निर्माण की जानकारी नहीं दे पाने पर कलेक्टर ने नाराजगी प्रकट करते हुए महाप्रबंधक पंकज तंतुवाय को नोटिस जारी करने के निर्देश दिये।
इसी प्रकार जसो नागौद बायपास पर तिलगवां के 11 किसानों को भू अर्जन का भुगतान नहीं किये जाने पर एनएच पीडब्ल्यूडी के सब इंजीनियर मृत्युजंय सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। उपयंत्री ने बताया कि किसानों के बैंक खाता नम्बर नहीं मिल पाने से भुगतान लंबित है। कलेक्टर ने सीएम की घोषणाओं और सीएम मानिट की समीक्षा की। अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी विकास सिंह ने बताया कि भोपाल से जनगणना प्रशिक्षण के निर्धारित शेडयूल के अनुसार कलेक्ट्रेट के द्वितीय तल के मीटिंग हाल में 13 जुलाई से 23 जुलाई तक प्रातः 10 बजे से 5 बजे तक संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों को ट्रेनिंग दी जायेगी। सभी संबंधित अपने शेडयूल के अनुसार प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें