बरही के किसानों को बड़ी सौगात: विधायक संजय पाठक की पहल से 1000 मैट्रिक टन क्षमता वाले खाद विपणन केंद्र का शुभारंभ

 (बरही/कटनी) किसानों को समय पर और उचित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराने की दिशा में विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक की पहल रंग लाई है। बरही में 1000 मैट्रिक टन क्षमता वाले अत्याधुनिक खाद विपणन एवं भंडारण केंद्र का शुभारंभ किया गया। विधायक संजय पाठक ने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल होकर केंद्र का शुभारंभ किया तथा क्षेत्रवासियों और किसानों को शुभकामनाएं दीं।

अपने संबोधन में विधायक श्री पाठक ने कहा कि कृषि क्षेत्र की मजबूती ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था की आधारशिला है। किसानों को खाद के लिए भटकना न पड़े और आवश्यकता के समय पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध हो, इसी उद्देश्य से इस केंद्र की स्थापना कराई गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह केंद्र बरही सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों के हजारों किसानों के लिए बेहद लाभकारी सिद्ध होगा।

कार्यक्रम में वरिष्ठ मार्गदर्शक एवं पूर्व जनपद अध्यक्ष लाल जी मिश्रा, भाजपा बरही मंडल महामंत्री पी.डी. ताम्रकार, पिपरिया कला मंडल अध्यक्ष अरुण पटेल समेत अन्य, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, किसान एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

इस दौरान जिला खाद्य प्रभारी एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों ने किसानों को खाद वितरण व्यवस्था, उपलब्धता तथा भंडारण संबंधी जानकारी दी। अतिथियों ने केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा फीता काटकर औपचारिक शुभारंभ किया।

कार्यक्रम का संचालन भाजपा मंडल बरही के महामंत्री पी.डी. ताम्रकार ने किया। उपस्थित किसानों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि अब खेती के महत्वपूर्ण समय में उर्वरकों की कमी और अनावश्यक परेशानियों से काफी हद तक राहत मिलेगी।
✍️ नीरज तिवारी
RPKP INDIA NEWS
           बरही

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें