मुख्य मार्ग पर गहरे गड्ढों से बढ़ा हादसों का खतरा, राहगीरों की जान जोखिम में
बारिश में सड़क बनी जानलेवा, नागरिकों ने की जनप्रतिनिधियों व प्रशासन से तत्काल मरम्मत की मांग
(विजयराघवगढ़) नगर के मुख्य मार्ग पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढे आमजन के लिए गंभीर परेशानी और दुर्घटनाओं का कारण बन गए हैं। सड़क की जर्जर हालत के कारण आए दिन दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालक हादसों का शिकार हो रहे हैं। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अनुमान लगाना मुश्किल हो जाता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका कई गुना बढ़ जाती है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क की मरम्मत को लेकर कई बार संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। परिणामस्वरूप राहगीरों और वाहन चालकों को प्रतिदिन जान जोखिम में डालकर इस मार्ग से गुजरना पड़ रहा है।
नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत कर गड्ढों को नहीं भरा गया, तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। समाजसेवी एवं अधिवक्ता पित्रेश पाण्डेय ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से तत्काल सड़क का मरम्मत कार्य शुरू कर सुरक्षित और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने की मांग की है।

