कैमोर में पहली बारिश: अध्यक्ष और सीएमओ ने किया जल निकासी व्यवस्था का औचक निरीक्षण
(कैमोर) प्रथम मानसून वर्षा की दस्तक के साथ ही नगर परिषद कैमोर का प्रशासनिक अमला जलभराव की गंभीर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। बारिश थमते ही नगर परिषद कैमोर की अध्यक्ष पलक नमित ग्रोवर एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी मनीष परते ने संयुक्त रूप से नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न वार्डों, प्रमुख नालों एवं जलभराव के प्रति संवेदनशील स्थलों का सघन जमीनी निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।
इस औचक निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य पहली बारिश के बाद शहर की जल निकासी व्यवस्था की जमीनी हकीकत को परखना और कमियों को समय रहते दुरुस्त करना रहा, ताकि आगामी भारी बारिश में आम जनता को कोई परेशानी न हो।

निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष एवं सीएमओ ने एक-एक वार्ड की जल निकासी व्यवस्था का गहराई से अवलोकन किया। जहां कहीं भी नालियों में कचरा, जाम या पानी के बहाव में रुकावट नजर आई, उसे देखकर अधिकारियों ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित स्वच्छता अमले को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
इस संयुक्त निरीक्षण के दौरान स्वच्छता उप निरीक्षक बिहारीलाल यादव सहित नगर परिषद कार्यालय के विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी, वार्ड प्रभारी, स्वच्छता पर्यवेक्षक एवं कर्मचारी नगर के गणमान्य नागरिक मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
इसे भी देखिये –
