करीतलाई के आदिवासियों ने कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार, सरपंच पर रुपये मांगने और मकान गिराने की धमकी का आरोप
(कटनी) विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कारीतलाई के आदिवासी परिवारों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर को आवेदन सौंपते हुए न्याय की मांग की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत के सरपंच द्वारा उनसे ₹40,000 से ₹50,000 तक की राशि की मांग की जा रही है तथा राशि नहीं देने पर उनके मकान गिरवाने की धमकी दी जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार वे पिछले 40 से 50 वर्षों से ग्राम की शासकीय भूमि के एक हिस्से पर अपने मकान बनाकर निवास कर रहे हैं। उनका कहना है कि वर्तमान में लगभग 100 से अधिक परिवार वहां रह रहे हैं, लेकिन अब उन्हें बेदखल करने का प्रयास किया जा रहा है।
कांग्रेस के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी नीरज सिंह बघेल के समक्ष ग्रामीणों ने अपनी समस्या रखी। उन्होंने ग्रामीणों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर आवेदन प्रस्तुत कराया।
श्री बघेल ने कहा कि यदि किसी भी गरीब, आदिवासी, अनुसूचित जाति अथवा अन्य कमजोर वर्ग के लोगों के साथ अन्याय होता है तो वे उनके साथ खड़े रहेंगे और उन्हें न्याय दिलाने के लिए लोकतांत्रिक एवं कानूनी तरीके से संघर्ष करेंगे।
ग्रामीणों ने कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, रुपये मांगने के आरोपों की जांच करने तथा बिना वैधानिक प्रक्रिया अपनाए किसी भी परिवार के मकान नहीं गिराए जाने की मांग की है।
सरपंच एवं अन्य संबंधित अधिकारियों पर लगाए गए आरोप ग्रामीणों के आवेदन और उनके कथन पर आधारित हैं। इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि या जांच का परिणाम अभी सामने नहीं आया है।
