शासन की योजनाओं और कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें-कमिश्नर

मैहर जिले की समीक्षा बैठक सम्पन्न

(मैहर) रीवा संभाग के कमिश्नर श्री शीलेन्द्र सिंह ने गुरुवार को मैहर के कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं, विकास कार्यों एवं विभागीय उपलब्धियों का गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का लाभ समय पर पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे, विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण हो। बैठक में कलेक्टर मैहर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी, पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह, अपर कलेक्टर संजना जैन, सीईओ जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह, एसडीएम एसपी मिश्रा, डॉ. आरती सिंह, डिप्टी कलेक्टर आशिमा पटेल, सीएमएचओ डॉ. मनोज शुक्ला, उप संचालक सामाजिक न्याय राजीव सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेन्द्र बांगरे, आरटीओ रवि बरेलिया सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन गंभीरता से करें तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए विकास कार्यों में तेजी लाएं। लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना तथा नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से योजनाओं की सतत समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए। जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने सभी स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए उपयुक्त स्थानों पर पौधारोपण एवं उनके संरक्षण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। साथ ही “एक बगिया मां के नाम” अभियान के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने पर बल दिया।

कमिश्नर ने प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि जिन हितग्राहियों को राशि जारी हो चुकी है, उनके आवासों का निर्माण शत-प्रतिशत पूर्ण कराया जाए। अपूर्ण कार्यों में नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) एवं धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान को सर्वाेच्च प्राथमिकता बताते हुए इनके शत-प्रतिशत क्रियान्वयन के निर्देश दिए। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत बंद पड़े शौचालयों का सत्यापन कर उन्हें पुनः उपयोग में लाने पर भी जोर दिया। कमिश्नर ने विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था एवं गुणवत्तापूर्ण पोषण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देते हुए कमिश्नर ने सीईओ जिला पंचायत, जिला शिक्षा अधिकारी और डीपीसी, डीपीएम एनआरएलएम को स्व-सहायता समूह द्वारा तैयार तेल, मसालों का उपयोग स्कूलों में मध्यान्ह भोजन में शत-प्रतिशत करें। स्वच्छ भारत मिशन के कार्यो की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने डीईओ, डीपीसी को निर्देशित किया कि जिले के शत-प्रतिशत विद्यालयों में शौचालयों की साफ-सफाई का कार्य स्वच्छता साथी के माध्यम से कराये।

कमिश्नर ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत पंजीयन, कुपोषित बच्चों का एनआरसी में उपचार, सिकल सेल एनीमिया की स्क्रीनिंग तथा आयुष्मान कार्ड निर्माण के लिए विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। समग्र आईडी से वंचित बच्चों के आधार एवं जन्म प्रमाण-पत्र बनाकर शीघ्र आईडी तैयार कराने को भी कहा गया। राजस्व प्रकरणों की समीक्षा के दौरान नामांतरण, सीमांकन एवं बंटवारे के लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए। फार्मर रजिस्ट्री एवं नक्शा-खसरा मिलान कार्य को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने पर जोर दिया गया। संभागायुक्त ने विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तक एवं साइकिल वितरण का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। कृषि विभाग को किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने, ऊर्जा विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा अमृत सरोवरों में मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए। जिले में अवैध नशीली सिरप एवं मादक पदार्थों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए गए।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें