मुख्यमंत्री दिव्यांगजन शिक्षा प्रोत्साहन योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन शुरू
(कटनी) दिव्यांग विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री दिव्यांगजन शिक्षा प्रोत्साहन योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ है। इस योजना के माध्यम से पात्र विद्यार्थियों को लैपटॉप एवं मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल जैसे उपयोगी संसाधनों का लाभ प्रदान किया जाएगा। इच्छुक एवं पात्र विद्यार्थी 31 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, जबकि आवेदन का परीक्षण एवं स्वीकृति 15 सितंबर 2026 तक की जाएगी। योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के लिए लैपटॉप तथा आवागमन में सुविधा हेतु मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उनकी शिक्षा में आने वाली बाधाएं कम हो सकें। अधिक जानकारी एवं ऑनलाइन आवेदन के लिए इच्छुक विद्यार्थी राज्य शासन के अधिकृत पोर्टल https://sparsh.mp.gov.in/ पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
