सूचना और विचारों के आदान-प्रदान का सशक्त माध्यम है मीडिया व सोशल मीडिया: हेमंत खण्डेलवाल
भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी शक्ति: हेमंत खण्डेलवाल
दतिया, RPKP INDIA NEWS भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल एवं प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने दतिया उपचुनाव के लिए होटल प्राक्षी में बनाए गए मीडिया एवं सोशल मीडिया सेंटर का उद्घाटन कर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की बैठक को संबोधित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर एवं विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर किया गया।

मीडिया एवं जनता के बीच प्रभावी संवाद का सशक्त केंद्र बनेगा मीडिया सेंटर
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए स्थापित मीडिया एवं सोशल मीडिया सेंटर संगठन, मीडिया और जनता के बीच प्रभावी संवाद, समन्वय तथा तथयपरक सूचना के आदान-प्रदान का सशक्त माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि यह केवल एक कार्यालय का उद्घाटन नहीं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी के आधुनिक, पारदर्शी और प्रभावी संवाद तंत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। लोकतंत्र में मीडिया चौथे स्तंभ के रूप में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और भारतीय जनता पार्टी सदैव निष्पक्ष, तथयपरक एवं उत्तरदायी पत्रकारिता का सम्मान करती है। चुनाव के दौरान पत्रकार साथियों को समय पर प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, संगठन की गतिविधियों और जनहित से जुड़े विषयों को सोशल मीडिया के माध्यम से प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने में यह सेंटर महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी शक्ति
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि आज के डिजिटल युग में मीडिया और सोशल मीडिया जनसंचार के सबसे प्रभावशाली माध्यम बन चुके हैं। तकनीक ने सूचनाओं के प्रसार को तेज और व्यापक बनाया है, लेकिन इसके साथ कई नई चुनौतियां भी सामने आई हैं। ऐसे समय में सत्य, तथय और विश्वसनीय जानकारी को समाज तक पहुंचाना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है, जो पार्टी की विचारधारा, सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को बूथ स्तर तक पहुंचाने का कार्य करता है। प्रदेश और केंद्र की डबल इंजन सरकार ने गरीब, किसान, महिला, युवा तथा समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए अनेक ऐतिहासिक कार्य किए हैं और इन्हीं उपलब्धियों तथा विकास के संकल्प के साथ पार्टी जनता के बीच जा रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दतिया विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी श्री आशुतोष तिवारी को जनता का भरपूर आशीर्वाद प्राप्त होगा और उनकी प्रचंड विजय सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि मीडिया एवं सोशल मीडिया सेंटर चुनाव संबंधी सूचनाओं के प्रभावी संप्रेषण के साथ संगठन, मीडिया और जनता के बीच विश्वास का मजबूत सेतु बनकर कार्य करेगा।

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल ने उपस्थित पत्रकारों एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रदेश सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश संयोजक सुयश त्यागी, पार्टी के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी बृजगोपाल लोया, राजलखन सिंह एवं सोशल मीडिया संभाग प्रभारी आयुष सुरेश शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
✍️ (संतोष प्रसाद तिवारी)
मीडिया प्रभारी
भाजपा मंडल कैमोर

