दतिया में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर, भाजपा की विदाई तय : जीतू पटवारी
(दतिया) RPKP INDIA NEWS मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर राम नगर वार्ड, ग्राम उपराई, रैना और रिसाला में आयोजित महत्वपूर्ण कार्यकर्ता बैठकों में शामिल होकर कांग्रेसजनों से संवाद किया। इस दौरान उपचुनाव प्रभारीद्वय सिद्धार्थ कुशवाह, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती रीना बौरासी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अवधेश नायक एवं कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह सहित अनेक वरिष्ठ नेता एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जीतू पटवारी ने कहा श्री अवधेश नायक जी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ सेक्टर की बैठक में उपस्थित हुए हैं। कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है और जनता का कांग्रेस के प्रति भरोसा स्पष्ट दिखाई दे रहा है। दतिया में कांग्रेस का हर कार्यकर्ता एकजुट है। बिखरी हुई भाजपा की विदाई तय है।
श्री पटवारी ने कहा कि दतिया का हर कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा, उत्साह और संकल्प के साथ चुनाव मैदान में उतर चुका है। कांग्रेस का प्रत्येक सिपाही घर-घर जाकर जनता से संवाद करेगा और कांग्रेस प्रत्याशी श्री घनश्याम सिंह जी को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाने के लिए पूरी ताकत के साथ काम करेगा।
उन्होंने कहा कि आज दतिया में जनता के बीच कांग्रेस के पक्ष में भारी उत्साह है। दतिया की जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस प्रत्याशी श्री घनश्याम सिंह जी को भारी मतों से विजयी बनाने का मन बना चुकी है।

श्री पटवारी ने कहा कि दतिया में कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है, जबकि भाजपा बिखरी हुई है। जनता भाजपा के कुशासन से त्रस्त है और अब बदलाव का मन बना चुकी है। दतिया उपचुनाव में भाजपा की विदाई तय है और कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने किसानों, युवाओं, कर्मचारियों, दलितों और पिछड़े वर्ग के साथ लगातार अन्याय किया है। 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण का हक भी युवाओं को नहीं मिल पाया है। भाजपा सरकार ने जनता से किए वादे पूरे नहीं किए, जिसके कारण हर वर्ग में असंतोष है।
उन्होंने कहा कि दतिया उपचुनाव में जनता का स्पष्ट संदेश है :
“दारू पे ना, दाम पे ना, वोट लगेगी घनश्याम पे।”
श्री पटवारी ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के आशीर्वाद से कांग्रेस प्रत्याशी श्री घनश्याम सिंह जी 25 हजार से अधिक मतों से ऐतिहासिक विजय प्राप्त करेंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की प्रस्तावित कैबिनेट बैठक को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मोहन यादव सरकार के ढाई साल के कार्यकाल में जनता को उपलब्धियों के नाम पर कुछ नहीं मिला। सरकार की कैबिनेट बैठकों से अगर कुछ निकलता है तो वह केवल भ्रष्टाचार और जनविरोधी फैसले हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश को लगातार कर्ज में डुबोया है और जनता के पैसे का दुरुपयोग किया जा रहा है। अब सरकार द्वारा अगले दो वर्षों तक निजी पांच सितारा होटलों में बैठकों पर रोक लगाने और किराए के हवाई जहाज एवं हेलीकॉप्टर के उपयोग को सीमित करने के निर्णय से यह स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस लंबे समय से जो सवाल उठा रही थी, वह सही था।
श्री पटवारी ने भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री श्री नरोत्तम मिश्रा द्वारा विकास के नाम पर वोट मांगने के दावों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता विकास के बड़े-बड़े दावे करते हैं, लेकिन जनता जमीन पर जाकर देख रही है कि विकास कहां हुआ है।
उन्होंने कहा कि अगर विकास हुआ है तो आम जनता के इलाकों में क्यों नहीं दिखाई देता? आम लोगों की जमीनें बिक रही हैं, गरीबी बढ़ रही है, युवा बेरोजगार हैं और कई क्षेत्रों में सड़क, बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है।
श्री पटवारी ने कहा कि दतिया की जनता अब भाजपा के झूठे वादों और खोखले दावों को समझ चुकी है। जनता अब अपने अधिकार, सम्मान, रोजगार और विकास के लिए कांग्रेस के साथ खड़ी है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने दतिया उपचुनाव में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि कलेक्टर, एसपी, डीआईजी, पटवारी, तहसीलदार सहित सभी अधिकारी अपनी सर्विस बुक और संवैधानिक दायित्व के अनुसार निष्पक्ष एवं ईमानदारी से कार्य करें।
उन्होंने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का सबसे महत्वपूर्ण पर्व है। किसी भी अधिकारी द्वारा चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने या किसी राजनीतिक दल के पक्ष में काम करने का प्रयास लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा होगा। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ चुनाव संपन्न कराने की अपील की।
अंत में श्री पटवारी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि अब समय घर-घर पहुंचने का है। हर बूथ पर कांग्रेस का कार्यकर्ता सक्रिय हो, हर मतदाता से संवाद हो और कांग्रेस की विचारधारा एवं जनहित के मुद्दों को जनता तक पहुंचाया जाए।
उन्होंने कहा कि दतिया का हर कांग्रेस कार्यकर्ता हमारी ताकत है। कार्यकर्ता पूरी मेहनत और एकजुटता के साथ मैदान में उतरें। जनता के आशीर्वाद और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत से दतिया में बदलाव होगा और कांग्रेस प्रत्याशी श्री घनश्याम सिंह जी की ऐतिहासिक विजय सुनिश्चित होगी।

