पूर्व मंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना
दतिया की जनता उपचुनाव में देगी करारा जवाब, किसान, युवा और महंगाई सबसे बड़े चुनावी मुद्दे
(दतिया) RPKP INDIA NEWS दतिया विधानसभा उपचुनाव के संदर्भ में मध्यप्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री मुकेश नायक ने दतिया में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि दतिया का उपचुनाव केवल एक विधानसभा सीट का चुनाव नहीं, बल्कि प्रदेश की भाजपा सरकार की कार्यशैली पर जनता के जनमत का अवसर है। पत्रकार वार्ता में पूर्व प्रवक्ता स्वदेश शर्मा, राहुल राज, अभिनव बरोलिया, अपूर्व भारद्वाज एवं इरफान खान भी उपस्थित रहे।
श्री नायक ने कहा कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में दतिया की जनता ने कांग्रेस को पांच वर्षों के लिए अपना जनादेश दिया था। न्यायालय के आदेश के बाद सीट रिक्त होने से उपचुनाव की स्थिति बनी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनता अपने पहले दिए गए जनादेश को आगे बढ़ाते हुए शेष कार्यकाल के लिए भी कांग्रेस प्रत्याशी को विजयी बनाएगी।
प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता के मुद्दों से पूरी तरह कट चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार, प्रशासनिक अव्यवस्था और जनसमस्याओं के प्रति सरकार की उदासीनता चरम पर है तथा दतिया की जनता इस उपचुनाव में इसका लोकतांत्रिक जवाब देगी।
किसानों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए श्री नायक ने कहा कि प्रदेश में किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध नहीं हो रहे हैं। खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, कालाबाजारी हो रही है और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। उन्होंने न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) सहित किसानों से जुड़े मुद्दों पर सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए।
महंगाई को लेकर उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल सहित दैनिक उपयोग की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों ने आम और मध्यमवर्गीय परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है। आज सीमित आय वाले परिवारों के लिए घर चलाना कठिन होता जा रहा है।
युवाओं और शिक्षा व्यवस्था पर बोलते हुए श्री नायक ने कहा कि प्रदेश में बार-बार पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने कहा कि मेहनत करने वाले छात्र-छात्राओं का विश्वास लगातार टूट रहा है और सरकार इस समस्या के समाधान में पूरी तरह विफल रही है।
प्रेसवार्ता के अंत में मुकेश नायक ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, घर-घर जाकर जनता के बीच कांग्रेस की नीतियों एवं स्थानीय मुद्दों को पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दतिया की जनता विकास, जनहित और लोकतांत्रिक मूल्यों के पक्ष में अपना निर्णय देकर कांग्रेस को विजय दिलाएगी।
