विधानसभा सत्र में जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाएगा कांग्रेस विधायक दल, बैठक में बनी रणनीति

(भोपाल) RPKP INDIA NEWS. मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में भोपाल में मध्यप्रदेश कांग्रेस विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में सोमवार से शुरू हो रहे विधानसभा सत्र की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई तथा प्रदेश के जनहित से जुड़े प्रमुख मुद्दों को सदन में पूरी मजबूती के साथ उठाने का निर्णय लिया गया।

बैठक में मुख्यमंत्री एवं उनके परिवार से जुड़े भूमि घोटाले, किसानों की समस्याओं, सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए वार्षिक जॉब कैलेंडर जारी करने की मांग, युवाओं के रोजगार एवं भर्ती परीक्षाओं में व्यापक सिस्टम सुधार, समान नागरिक संहिता (UCC), आदिवासियों एवं दलितों के अधिकारों, महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार, शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार, केन-बेतवा परियोजना से जुड़े मुद्दों तथा प्रदेश में सामने आए घोटालों और भ्रष्टाचार के मामलों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि विधानसभा सत्र के दौरान इन सभी मुद्दों को तथ्यों और प्रमाणों के साथ प्रभावी ढंग से सदन में उठाया जाएगा तथा सरकार से जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की जाएगी।

नेता प्रतिपक्ष श्री उमंग सिंघार ने कहा कि कांग्रेस विधायक दल जनता के हितों और प्रदेश के हर वर्ग की आवाज को पूरी मजबूती से विधानसभा में उठाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी, किसानों की बदहाली, महिलाओं की सुरक्षा, भ्रष्टाचार, भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताएं तथा आदिवासियों और दलितों के अधिकारों से जुड़े गंभीर प्रश्न लगातार सामने आ रहे हैं, जिन पर सरकार को जवाब देना होगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक दल पूरी तैयारी, एकजुटता और तथ्यात्मक आधार के साथ विधानसभा सत्र में सरकार को जनता से जुड़े प्रत्येक मुद्दे पर जवाब देने के लिए मजबूर करेगा। विपक्ष जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप रचनात्मक और प्रभावी भूमिका निभाते हुए प्रदेश के हितों से जुड़े हर विषय को सदन में प्रमुखता से उठाएगा।

 

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें