विजयराघवगढ़ स्थित मां शारदा के मंदिर में चोरों ने बोला धावा, ताला तोड़कर मुकुट और छत्र ले गए बदमाश
मंदिर में नहीं रहता कोई चौकीदार, सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े हो रहे सवाल
विजयराघवगढ़ (RPKP INDIA NEWS) मां शारदा का प्राचीन मंदिर जो क्षेत्र ही नहीं बल्कि दूर सुदूर क्षेत्रों के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र बना हुआ है, उस मंदिर की सुरक्षा में बदमाशों ने सेंध लगाकर सवाल खड़े कर दिए हैं। मंदिर के दरवाजों के ताले तोड़कर चोरों ने अंदर प्रवेश किया और मां शारदा और भगवान नृसिंह के चांदी के मुकुट और छत्र लेकर चंपत हो गए।
खास बात यह है कि बदमाशों ने मंदिर परिसर में लगे सीसी टीवी कैमरे का सेटअप बॉक्स भी पार कर दिया। सुबह जब पंडा पुजारी पूजा करने पहुंचे तो मुख्य गेट और मंदिर के अंदर के दरवाजों के ताले टूटे हुए मिले। वहीं अंदर मां शारदा और भगवान नृसिंह के मुकुट और छत्र भी नदारद थे।
मंदिर में चोरी की सूचना थाने में दी गई जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और तहकीकात शुरू की। पुलिस द्वारा चोरों की पतासाजी की जा रही है। मंदिर में चोरी की घटना ने कहीं न कहीं यह सवालिया निशान भी लगा दिए हैं कि नगर की पहचान बने प्राचीन मंदिर से आय अर्जित करने वाले पुजारी परिवार द्वारा आज तक मंदिर की देखरेख या सुरक्षा के लिए किसी चौकीदार की व्यवस्था करना आवश्यक क्यों नहीं समझा गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
✍️ अजय त्रिपाठी
न्यूज एडिटर
RPKP INDIA NEWS
