दतिया की जनता ने परिवर्तन का मन बना लिया है, कांग्रेस प्रत्याशी कुँवर घनश्याम सिंह 25 हजार से अधिक मतों से विजयी होंगे : जीतू पटवारी
(दतिया) दतिया उपचुनाव के अंतिम दिन कांग्रेस प्रत्याशी कुँवर घनश्याम सिंह के समर्थन में आयोजित जन आशीर्वाद रैली में जनसैलाब उमड़ पड़ा। रैली में जनता का अभूतपूर्व उत्साह और समर्थन इस बात का स्पष्ट संकेत रहा कि दतिया परिवर्तन का संकल्प ले चुका है और कांग्रेस की ऐतिहासिक विजय का मार्ग प्रशस्त हो चुका है।
जन आशीर्वाद रैली में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव, पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा, जयवर्धन सिंह, प्रियव्रत सिंह, फूल सिंह बरैया, विधायक नितेंद्र राठौर, महेश परमार, सिद्धार्थ कुशवाहा, पंकज उपाध्याय, साहब सिंह गुर्जर, सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष अवनीश भार्गव, पूर्व विधायक राजेंद्र भारती, प्रभु सिंह ठाकुर, तरबर लोधी, रामचन्द्र दांगी, बापू सिंह तंवर, वरिष्ठ नेता अवधेश नायक, दतिया जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक दांगी, ग्वालियर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रभु लाल जौहरे सहित अनेक पूर्व मंत्री, विधायक, वरिष्ठ नेता एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि दतिया की जनता के मन में यह बात पूरी तरह स्थापित हो चुकी है कि इस बार कांग्रेस प्रत्याशी कुँवर घनश्याम सिंह 25 हजार से अधिक मतों से विजयी होंगे। उन्होंने कहा कि जहां-जहां कांग्रेस नेता जनता के बीच पहुंचे और परिस्थितियों का आकलन किया, वहां यही जनभावना और अधिक मजबूत दिखाई दी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के तथाकथित विकास के दावे अब जनता के सामने बेनकाब होने वाले हैं और भाजपा के भ्रष्टाचार की सच्चाई भी जनता के जनादेश से उजागर होगी। दतिया की जनता इस उपचुनाव में लोकतंत्र, विकास, पारदर्शिता और जनहित के पक्ष में अपना स्पष्ट फैसला सुनाएगी तथा भाजपा द्वारा बनाए गए भय के वातावरण को लोकतांत्रिक तरीके से परास्त करेगी।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने इसे लोकतंत्र और जनहित की लड़ाई बताते हुए कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं से 30 जुलाई को मतदान के दिन अपने-अपने बूथों पर पूरी सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ डटकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता तक पहुंचकर लोकतंत्र के इस महापर्व में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता का दायित्व है।

दिग्विजय सिंह ने दतिया की जनता से अपील करते हुए कहा कि वे कांग्रेस प्रत्याशी कुँवर घनश्याम सिंह को अपना भरपूर समर्थन एवं आशीर्वाद दें। उन्होंने मतदाताओं से आग्रह किया कि वे प्रातःकाल ही प्राथमिकता के आधार पर अपने मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें तथा न्याय, विकास, पारदर्शिता और जनहित की राजनीति के पक्ष में मतदान करें।
सभी नेताओं ने कहा कि दतिया की जनता का उत्साह और जनसमर्थन स्पष्ट संकेत दे रहा है कि उपचुनाव में कांग्रेस ऐतिहासिक विजय की ओर अग्रसर है और जनता परिवर्तन के पक्ष में अपना निर्णायक जनादेश देने के लिए तैयार है।

