विधायक रीती पाठक ने गुरु पूर्णिमा पर गुरुओं का किया सम्मान, युवाओं को दिया आत्मनिर्भर बनने का संदेश

प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस में महर्षि सांदीपनि गुरु पर्व एवं युवा संगम रोजगार मेले का हुआ आयोजन

(सीधी) सीधी विधानसभा की विधायक रीती पाठक के मुख्य आतिथ्य में प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस संजय गांधी स्मृति शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सीधी में भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ एवं जिला रोजगार विभाग के संयुक्त तत्वावधान में महर्षि सांदीपनि गुरु पर्व (गुरु पूर्णिमा) श्रद्धा, सम्मान एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। प्राचार्य डॉ. प्रभाकर सिंह के कुशल निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में गुरु परंपरा का स्मरण करते हुए गुरुजनों का सम्मान किया गया। इसी अवसर पर युवाओं के लिए युवा संगम रोजगार मेले का भी आयोजन किया गया।

मुख्य अतिथि विधायक रीती पाठक ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च है। गुरु केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि व्यक्ति के व्यक्तित्व, संस्कार और जीवन मूल्यों का निर्माण भी करते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु के मार्गदर्शन से ही मनुष्य जीवन की सही दिशा प्राप्त करता है और समाज व राष्ट्र के लिए उपयोगी नागरिक बनता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने गुरुजनों के प्रति सदैव सम्मान और कृतज्ञता का भाव रखने का आह्वान किया। साथ ही युवाओं से युवा संगम रोजगार मेले का लाभ उठाकर अपने कौशल का विकास करने तथा रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों का अधिकतम उपयोग करने की अपील की।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं गुरु वंदना के साथ हुआ। प्राचार्य डॉ. प्रभाकर सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए भारतीय ज्ञान परंपरा में गुरु-शिष्य संबंध की महत्ता पर प्रकाश डाला तथा कहा कि गुरु पूर्णिमा हमें अपने जीवन में ज्ञान देने वाले सभी गुरुओं के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करने की प्रेरणा देती है।

इस अवसर पर सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ. रामलला शर्मा का शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। साथ ही पदोन्नत कर्मचारियों रामाश्रय जायसवाल, संगीता सिंह, अनिल सिंह, सुखसेन सोटिया, प्रमोद द्विवेदी एवं मणिराज कोल तथा शैक्षणिक उत्कृष्टता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों स्नेहल सिंह, शुभम यादव, विवेक बहादुर सिंह, संदीप यादव, रश्मिता सिंह एवं शैलू पाण्डेय को सम्मानित किया गया।

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित युवा संगम रोजगार मेले में विभिन्न निजी कंपनियों एवं संस्थानों ने भाग लेकर युवाओं को रोजगार, कौशल विकास, अप्रेंटिसशिप एवं स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी प्रदान की। विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने शासन की रोजगारपरक एवं स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी देते हुए युवाओं का मार्गदर्शन किया। रोजगार मेले में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं युवाओं ने सहभागिता कर विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों से संवाद स्थापित किया तथा अपनी योग्यता के अनुरूप रोजगार संबंधी अवसरों की जानकारी प्राप्त की।

रोजगार मेले की नोडल अधिकारी प्रिया पाठक रहीं। कार्यक्रम में अभिलाष मरावी, ए.के. सिंह सहित विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि, महाविद्यालय के प्राध्यापक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. दिलीप सोनी एवं डॉ. आकांक्षा मिश्रा ने किया।

अंत में महाविद्यालय प्रशासन ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गुरु पूर्णिमा जैसे आयोजन भारतीय संस्कृति एवं गुरु-शिष्य परंपरा को सशक्त बनाने के साथ-साथ विद्यार्थियों को जीवन में उत्कृष्टता प्राप्त करने की प्रेरणा देते हैं। वहीं युवा संगम जैसे आयोजन युवाओं को रोजगारोन्मुख बनाकर उनके कौशल विकास, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता को नई दिशा प्रदान करते हैं।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें